केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में जम्मू कश्मीर को लेकर गृह मंत्रालय में हुई उच्च स्तरीय बैठक

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर को लेकर मंगलवार को केंद्रीय गृह सचिव ए के भल्ला की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक गृह मंत्रालय में हुई। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम पर चर्चा करने के साथ ही राज्य के हालातों और वहां पर शांति व्यवस्था बरकरार रखने को लेकर भी चर्चा की गई।
गृह मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में केंद्र की योजनाओं के कार्यान्वयन और सामान्य स्थिति में तेजी लाने के लिए की जाने वाली पहलों के आकलन के लिए विभिन्न विभागों के साथ आज बैठक की गई।
अल्पसंख्यक मंत्रालय की एक टीम करेगी दौरा
जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटना के बाद आज (मंगलवार) अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय की एक टीम वहां जाएगी। इस बात की जानकारी खुद अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने ट्वीट करते हुए बताया कि अल्पसंख्यक मंत्रालय के सचिव के नेतृत्व में मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की एक टीम 27-28 अगस्त को कश्मीर घाटी का दौरा कर विकास योजनाओं पर प्रशासन एवं आम जनता से संपर्क-संवाद करेगी। साथ ही उन्होंने कहा कि बाद में मंत्रालय की एक टीम जम्मू कश्मीर और लेह कारगिल जाएगी।
29 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ जाएंगे लेह
जानकारी के मुताबिक 29 अगस्त को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लेह जाएंगे। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के केंद्र शासित घोषित होने के बाद रक्षामंत्री का यह लेह में पहला दौरा है। इस दौरान वह स्थानीय व सैन्य अधिकारियों से मिलेंगे और मौजूदा स्थिति की समीक्षा करेंगे।
