केंद्रीय मंत्रिमंडल में बड़ी ‘सर्जरी’ की तैयारी

नई दिल्ली। मोदी सरकार में नए सिरे से मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की तैयारी चल रही है। इसकी तारीख भी आज मुकर्रर हो गई। रविवार को सुबह 11 बजे मंत्रिमंडल का विस्तार होगा। जानकारों की मानें तो मंत्रिमंडल से 15 से 20 मंत्रियों की छुट्टी होने जा रही है। 

परफार्मैंस से पार्टी आलाकमान नहीं था खुश 
इस कड़ी में 2 केंद्रीय मंत्रियों बंडारू दत्तात्रेय व संजीव बालियान ने आज शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया। शनिवार को कई और केंद्रीय मंत्रियों के इस्तीफा देने की संभावना है। अब तक राजीव प्रताप रूडी, उमा भारती, फ ग्गन सिंह कुलस्ते एवं एक दिन पहले यू.पी. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए डा. महेंद्र नाथ पाण्डेय ने इस्तीफे की पेशकश कर दी है। सूत्रों के मुताबिक जिन मंत्रियों ने इस्तीफा दिया है उनमें से अधिकतर की परफार्मैंस से पार्टी आलाकमान खुश नहीं था जिसके चलते उन्हें पार्टी की ओर से कैबिनेट विस्तार से पहले ही इस्तीफे के लिए कह दिया गया। कुछ मंत्रियों ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। 

चौंकाने वाला होगा मंत्रिमंडल का यह विस्तार
मोदी सरकार का यह मंत्रिमंडल विस्तार चौंकाने वाला भी होगा। इसमें कुछ मंत्रालयों को मर्ज करने की भी योजना है। मसलन, रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय। इसमें से रसायन को स्वास्थ्य मंत्रालय और उर्वरक विभाग को कृषि मंत्रालय से जोड़ा जा सकता है। सूत्रों की मानें तो मोदी सरकार के इस सख्त रवैये और आप्रेशन सर्जरी के चलते कुछ मंत्रियों में रोष भी है लेकिन खुलकर कोई विरोध नहीं कर पा रहा है। राजीव प्रताप रूडी, उमा भारती ने अपने अंदाज में सरकार को मैसेज भी दे दिया है। मोदी सरकार के इस दबाव से बाकी मंत्रियों में हड़कंप मच गया है। सभी सहमे हुए हैं। रविवार तक किसकी छुट्टी हो जाएगी यह किसी को पता नहीं है। हालांकि, बताया जा रहा है कि हटाए गए मंत्रियों को पार्टी संगठन में जगह दी जाएगी। 

अगले साल भी सरकार कर सकती है फेरबदल 
2019 में होने जा रहे लोकसभा चुनाव के लिहाज से मोदी सरकार का यह मंत्रिमंडल में फेरबदल और विस्तार माना जा रहा है। लेकिन, सूत्रों की मानें तो अगले साल भी इसी तरह का फेरबदल सरकार कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक नई टीम में युवाओं को ज्यादा तवज्जो मिलने की संभावना जताई जा रही है। यही कारण है कि पूर्वी दिल्ली से सांसद महेश गिरि, हिमाचल से सांसद अनुराग ठाकुर, राम माधव जैसे नाम सुर्खियों में हैं।  सूत्रों की मानें तो उमा भारती को स्वास्थ्य कारणों से हटना आधिकारिक कारण बताया गया है। 

मंत्रिमंडल में हो सकते हैं नए चेहरे शामिल
इसके अलावा नमामि गंगे की प्रगति संतोषजनक न होना भी एक कारण है। उन्हें बुंदेलखंड में पार्टी संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिल सकती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मंत्रिमंडल विस्तार में नए चेहरों को शामिल कर सकते हैं जिससे अतिरिक्त कामकाज देख रहे मंत्रियों पर बोझ कम होगा।  वहीं, मंत्रिमंडल में फेरबदल एवं विस्तार के पहले केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त एवं रक्षा मंत्री अरुण जेटली, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और सड़क परिवहन, राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी के बीच गहन विचार मंत्रणा भी हुई।

Leave a Reply