केंद्रीय राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को महामंडलेश्वर बनाने की घोषणा

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कहा है कि केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति को इलाहाबाद कुंभ मेले के दौरान महामंडलेश्वर बनाया जाएगा। शनिवार को निरंजनी अखाड़े में चंद संतों की बैठक के दौरान श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने इसकी घोषणा की। संतों के बीच पहुंची केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति का अखाड़े की ओर से सभी संत महंतों ने स्वागत किया गया। उधर, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा है कि राम मंदिर निर्माण पर यदि विपक्ष तैयार है तो इसके लिए संसद में विधेयक भी लाया जा सकता है।

श्रीमहंत नरेंद्र गिरि ने कहा कि साध्वी निरंजन ज्योति महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर अपने प्रयास लगातार करती चली आ रही हैं। सनातन परम्पराओं का निर्वाहन उनके द्वारा किया जा रहा है। संतों महापुरुषों के पदचिह्नों पर चलकर धर्म की पताका फहराने का काम साध्वी लगातार कर रही हैं। सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं को समूचे राज्य में निष्पक्षता से लागू कराने में इनकी भूमिका सराहनीय है। श्रीमहंत ने गंगा की अविरलता व स्वच्छता पर बोलते हुए कहा कि भागीरथ गंगा को पृथ्वी पर लोक कल्याण के लिए लाए थे। बांध बनाकर बिजली बनाने के लिए नहीं। इसलिए गंगा को बांधों से मुक्त किया जाए। सरकार गंगा को रोजगार का साधन न बनाए। 

इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने संतों के महामंडलेश्वर बनाए जाने के आग्रह को स्वीकार करते हुए कहा कि मां गंगा को प्रदूषण मुक्त रखना सभी का कर्तव्य है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी किसानों की आय को दोगुना करने के भरसक प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने अपने मंत्रालय से जुड़ी उपलब्धियों को बताते हुए कहा कि देश भर में फूड पार्को को विकसित किया जा रहा है। जिससे बेरोजगारी दूर होगी। छोटे किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान संपदा स्कीम शुरू की गई है। गौ रक्षा कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है। उन राज्यों में गौ संरक्षण व संवर्द्धन प्रयास जारी हैं। नमामि गंगे परियोजना पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यह योजना प्रभावी रूप से गंगा को प्रदूषण मुक्त करने में सहायक सिद्ध हो रही है।  इस अवसर पर आनंद अखाड़े के पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी बालकानंद गिरि, महंत लखन गिरि, महंत रविंद्र पुरी, महंत आशीष गिरि, महंत डोगर गिरि, महंत आशुतोष पुरी, महंत धर्मदास, महंत केशव पुरी, महंत अंबिका पुरी, महंत द्वारिका गिरि, महंत नीलकंठ गिरि, महंत आनंद गिरि, महंत नरेश गिरि, महंत राधेश्याम पुरी, महंत सुरेश गिरि, महंत राजेश्वर वन, स्वामी रामरतन गिरि आदि संत मौजूद रहे। 


गुरुदेव से बात करके लेंगी निर्णय-साध्वी ज्योति

केंद्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति  ने कहा कि वह महांडलेश्वर बनने नहीं बल्कि संतों से औपचारिक भेंट करने गई थी। महामंडलेश्वर बनाए जाने को लेकर संतों ने आग्रह किया है अभी मेरा ऐसा कोई मन नहीं है। मामले में पहले अपने गुरुदेव से बात करने के बाद ही कोई निर्णय लूंगी। गंगा को लेकर अनशनरत सानंद के मामले में कहा कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। 

Leave a Reply