केजरीवाल ने विपक्षियों पर साधा निशाना, कहा- नेताओं के अंदर कुछ और बाहर कुछ और होता है

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने निवास पर करावल नगर विधानसभा की अनधिकृत कॉलोनियों में विकास कराने पर धन्यवाद देने पहुंचे लोगों से कहा कि मुझे राजनीति करनी नहीं आती, सिर्फ काम करना आता है। लेकिन, भाजपा और कांग्रेस वाले हर बात पर राजनीति करते हैं। पिछले 25 साल से झूठ बोलकर ये लोग दिल्ली वालों से अनधिकृत कॉलोनियों के नाम पर वोट मांगते आ रहे हैं। इस बार हमने इन कॉलोनियों में इतने काम करा दिए हैं कि उनकी राजनीति बंद हो जाएगी।

आपने सौ साल पुरानी पार्टी को जीरो पर ला दिया

केजरीवाल ने कहा कि हम नई पार्टी थे। आप लोगों ने सौ साल पुरानी कांग्रेस पार्टी को जीरो पर लाकर खड़ा कर दिया, जबकि भाजपा को महज तीन सीटों पर समेट कर रख दिया। नेताओं के अंदर कुछ और बाहर कुछ और होता है। हम राजनीति नहीं करने आए हैं। चुनाव के दौरान जब हम वोट मांगने अनधिकृत कॉलोनियों में गए तो उनका बहुत बुरा हाल था।

अनधिकृत कॉलोनियों में नहीं आते थे रिश्‍ते

इन कॉलोनियों की हालत के बारे में नेताओं और अखबार वालों को भी नहीं पता था। इन कॉलोनियों में रिश्ते भी नहीं आते थे, क्योंकि यहां सीवर नहीं था, पानी नहीं था, सड़क नहीं थी। बरसात में तो यहां के लोगों को घर से बाहर जाना मुश्किल हो जाता था। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 25 साल में इन पार्टियों ने इन कॉलोनियों में कुछ नहीं किया। जब भी चुनाव आता था राजनीतिक पार्टियां कहती थीं इस बार वोट दे दो अगली बार जरूर गली बनवा देंगे।

गलियों को पक्‍की गली हमने बनाया

हमने सभी गलियों को पक्की गली बना दीं। अनधिकृत कॉलोनियों के अधिकृत होने से आपके प्रॉपर्टी का भाव भी तीन-चार गुणा बढ़ जाएगा। यह सब काम करके आपके विश्वास का कर्जा उतार रहा हूं। सभी अनधिकृत कॉलोनियों का तेजी से सुधार होगा।
 

Leave a Reply