केदारनाथ से अधिक बदरीनाथ पहुंचे श्रद्धालु, संचार व्यवस्था बनी समस्या

गोपेश्वर(चमोली)। बदरीनाथ धाम की यात्रा जोरों पर है। शुरुआती दौर में यात्रियों की आमद के मामले में केदारनाथ से पिछड़ने के बाद अब बदरीनाथ धाम में यात्रियों का सैलाब उमड़ रहा है। स्थिति यह है कि यात्रियों की बढ़ती संख्या के सामने धाम में उपलब्ध संसाधन भी कम पड़ते नजर आ रहे हैं।
बदरीनाथ धाम में दस जून तक 6.13 लाख यात्री पहुंच चुके हैं, जबकि बीते वर्ष इस अवधि में यह आंकड़ा 4.30 लाख था। हालांकि, यात्रा शुरू होने के बाद केदारनाथ धाम में यात्रियों की अधिक आमद हो रही थी। लेकिन, बीती सात जून के बाद बदरीनाथ में यात्रियों की संख्या केदारनाथ से ऊपर चली गई। फिलहाल केदारनाथ से 33875 अधिक यात्री बदरीनाथ धाम पहुंच चुके हैं।
बीते दिनों बदरीनाथ धाम में भागवत कथाओं के आयोजन से अधिकतर धर्मशाला व होटलों में अग्रिम बुकिग चल रही थी। ऐसे में कई बार यात्रियों को वाहनों अथवा खुले आसमान के नीचे भी रातें गुजारनी पड़ी। लेकिन, अब कथाओं का आयोजन कम होने से यात्रियों को काफी राहत मिली है।
संचार व्यवस्था बनी समस्या-
बदरीनाथ धाम में संचार सेवा मजाक बनकर रह गई है। स्थिति यह है कि बीएसएनएल की मोबाइल सेवा जहां अमूमन ठप रहती है, वहीं एयरटेल व वोडाफोन की सेवाएं भी बार-बार बाधित हो रही हैं। असल में बदरीनाथ स्थित एक्सचेंज की क्षमता एक समय में सिर्फ 200 उपभोक्ताओं को ही बात कराने की है। जबकि, यहां बात करने वालों की संख्या हजारों में है। ऐसे में यात्रियों को मोबाइल सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा।
यात्रियों की आमद तिथि – केदारनाथ – बदरीनाथ
दस जून – 579127 – 613002
नौ जून – 573770 – 603802
आठ जून – 568988 – 589202
सात जून – 563826 – 573502
छह जून – 557510 – 558902
पांच जून – 549471 – 539102
