कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी रोकने में मददगार है हल्दी

वॉशिंगटन । हर भारतीय की रसोई में पाए जाने वाली हल्दी बेहद गुणकारी होती है। आयुर्वेद में हल्दी सेवन के कई फायदे बताए गए हैं। यह कैंसर जैसी खतरनाक बीमारी को रोकने में भी मददगार है। हल्दी का सत आसानी से घुल कर ट्यूमर तक पहुंच जाता है और कैंसर कोशिकाओं को खत्म करता है। हल्दी का चिकित्सा उपचार में काफी महत्व है और बिना पके मांस में रोगाणुओं को खत्म करने में कारगर है। हाल में वैज्ञानिकों ने पता लगाया है कि हल्दी से अलग किए जाने वाले और प्राकृतिक रूप से पाए जाने वाले पदार्थ करक्यूमिन कैंसर कोशिकाओं को खत्म करने का एक प्रभावी एजेंट है। यूनिवर्सिटी ऑफ इलीनोइस में एसोसिएट प्रोफेसर दीपांजन पान ने बताया कि अब तक करक्यूमिन का पूरा फायदा नहीं उठाया जा सका था क्योंकि यह पानी में पूरी तरह नहीं घुल पाता। अमेरिका में यूटा यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं समेत अन्य शोधकर्ताओं ने प्लेटिनम की मदद से ऐसी प्रक्रिया तैयार की है जो करक्यूमिन की घुलनशीलता को संभव बनाती है।पान के साथ काम करने वाले पोस्ट-डॉक्टोरल शोधकर्ता ने कहा कि दवा देने के लिए यह जरूरी है कि वह पानी में घुलनशील हो, अन्यथा यह खून के साथ मिलेगी नहीं।
