कैसे हैं तानाशाह किम जोंग उन और कहां है उनका ठिकाना? जानें UN चीफ एंटोनियो गुटरेस ने क्या जवाब दिया
संयुक्त राष्ट्र | नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन कहां हैं, उनकी सेहत कैसी है, बीमार हैं या उनकी मौत हो गई या फिर ब्रेन डेड हैं? बीते कुछ दिनों से दुनिया इन सवालों के जवाब जानने की कोशिश में जुटी है। किम जोंग उन की सेहत को लेकर बरकरार रहस्य पर संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटरेस की प्रतिक्रिया आई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने गुरुवार को कहा कि उन्हें किम जोंग उन के स्वास्थ्य के बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही उनके ठिकाने के बारे में।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव को नहीं है पता
वर्चुअल प्रेस ब्रीफिंक के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या संयुक्त राष्ट्र के किसी अधिकारी ने उत्तर कोरिया के किसी अधिकारी से किम जोंग उन के स्वास्थ्य और उनके ठिकाने के बारे में बात की है? तो संयुक्त राष्ट्र महासचिव गुटरेस ने कहा कि मुझे किम जोंग उन की किसी भी स्थिति के बारे में कोई जानकारी नहीं है। बता दें कि ऐसी अपुष्ट सूचना है कि किम जोंग उन की सेहत ठीक नहीं है और सर्जरी के बाद वह गंभीर स्थिति से जूझ रहे हैं।
किम जोंग उन की सेहत को लेकर काफी दिनों से अटकलों का बाजार गर्म है। कभी उनकी मौत की अटकलें लगाई जा रही हैं तो कभी ब्रेन डेड की तो कभी ऐसा कहा जा रहा है कि वह जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। हालांकि, इन अटकलों पर नॉर्थ कोरिया की ओर से न तो खंडन आया है और न ही सफाई।
डोनाल्ड ट्रंप को सब पता है?
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्हें किम जोंग उन के बारे में अच्छे से पता है, मगर वह इस वक्त उनकी स्थिति को लेकर किसी को नहीं बता सकते। यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें किम जोंग उन के स्वास्थ्य के बारे में कोई नई जानकारी है, डोनाल्ड ट्रंप ने कहा 'हां, मुझे काफी अच्छे से पता है, लेकिन मैं इसके बारे में अभी बात नहीं कर सकता। फिलहाल, मैं सिर्फ उनके अच्छे होने की कामना करता हूं।'
डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा था
व्हाइट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने आगे कहा कि मुझे उम्मीद है कि वह ठीक हैं। मुझे पता है कि वह इन दिनों कैसे हैं और क्या कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया को जल्द ही उनके बारे में जानकारी मिल जाएगी। इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कोविड-19 के डेली ब्रीफिंग के दौरान सीएनएएन की आलोचना करते हुए कहा था कि मुझे लगता है कि यह रिपोर्ट गलत है। मैं सुन रहा हूं कि इस न्यूज के लिए उन्होंने (टीवी चैनल) पुराने दस्तावेज का इस्तेमाल किया है। हालांकि, उन्होंने यह कहने से साफ तौर पर इनकार कर दिया कि उनको स्पष्ट जानकारी है कि नॉर्थ कोरिया के तानाशाह पूरी तरह से ठीक हैं।
कैसे मिला अटकलों को बल
दरअसल, उत्तर कोरियाई शासक हाल ही में कई कार्यक्रमों में नहीं दिखाई दिए हैं। इससे कयासबाजी तेज हो गई। किम जोंग उन 15 अप्रैल को अपने दिवंगत दादा और देश के संस्थापक किम इल-सुंग की 108वीं जयंती समारोह में भी नजर नहीं आए थे। इतना ही नहीं, वह आखिरी बार 11 अप्रैल को ही एक बैठक में दिखे थे।
