कोरोना काल में शहर के युवाओं ने मरीजों की सेवा के लिए शुरू की नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा 

इन्दौर । हनुमान जन्मोत्सव पर शहर के युवाओं ने इन्दौरवासियों व मरीजों को हॉस्पीटल व घर से नि:शुल्क लाने-ले जाने के लिए एम्बुलेंस सेवा का शुभारंभ किया है। यह एम्बुलेंस सेवा युवाओं द्वारा गीताजंलि हॉस्पीटल के डॉ. गुलाब सालवी, विशेष हॉस्पीटल डॉ. हेमंत सपावले के मार्गदर्शन में शुरू की गई है। इस नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा में मरीजों के लिए तुरंत दवाई एवं ऑक्सीजन के साथ ही अन्य सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई है। 
मानव सेवा निमित किए गए इस कार्य के आयोजक चर्चित शास्त्री, सीटू छाबड़ा एवं गोपाल सिंगी ने बताया कि जिस प्रकार हनुमानजी अपने पराक्रम से लक्ष्मण को बचाने के लिए संजीवनी बूटी का पर्वत उठा लाए थे और उससे उनकी जान बचाई जा सकी थी, ठीक उसी प्रकार संस्था के युवाओं द्वारा शहरवासियों के लिए यह नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा की शुरूआत 24 घंटे की जाएगी। मरीज के परिजन 9009777228 एवं 9993679928 पर संपर्क सेवा का लाभ ले सकते हैं। जिसमें कोरोना से ग्रस्त मरीजों को हॉस्पीटल एवं घर से लाने ले जाने के लिए नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। टाटा सफारी में तैयार की गई यह एम्बुलेंस में मरीजों के लिए दवाईयां, ऑक्सीजन, सेनिटाईजर, जल एवं भोजन की व्यवस्था भी युवाओं  द्वारा की जाएगी। हनुमान जन्मोत्सव पर इस नि:शुल्क एम्बुलेंस का शुभारंभ आज शाम पंडि़तों के सान्निध्य में रणजीत बाबा का आशीर्वाद प्राप्त कर किया गया। रणजीत हनुमान मंदिर पर शुभारंभ अवसर पर पवन शर्मा, देवेंद्र शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे। शहर की तीन संस्थाओं के सहयोग से संचालित की गई यह नि:शुल्क एम्बुलेंस सेवा शहर की चारों दिशाओं में अपनी सेवाऐं देंगी।
:: डॉक्टरों का रहेगा विशेष सहयोग :: 
मानव सेवा निमित इस नि:शुल्क एम्बुलेंस का संचालन डॉक्टरों की देख-रेख में किया जाएगा। साथ ही इसमें 6 लोगों को ऑक्सीजन देने की व्यवस्था भी की गई है।
:: टाटा सफारी को बनाया चलता फिरता हॉस्पीटल :: 
युवाओं ने बताया कि कोरोना महामारी को देखते हुए हनुमान जन्मोत्सव पर यह शहरवासियों के लिए पहल की गई है। जिसमें टाटा सफारी को चलता-फिरता एम्बुलेंस बनाया गया है। जिसका खर्च भी युवाओं द्वारा वहन किया जाएगा।
:: सेवा रथ दिया नाम :: 
आयोजक चर्चित शास्त्री, सीटू छाबड़ा एवं गोपाल सिंगी ने बताया कि कोरोना महामारी में शुरू की गई यह नि:शुल्क एम्बुलेंस का नाम सेवा रथ दिया गया है। जिसमें मरीजों को नि:शुल्क दवाईयों के साथ ही आने-जाने की नि:शुल्क व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply