कोरोना से परिवार के सदस्यों की मौत होने पर, नाराज व्यक्ति ने तोड़ी राहु-केतु की मूर्तियां

नई दिल्ली । कोरोना से परिवार के सदस्यों की मौत हो जाने के कारण एक व्यक्ति ने बिड़ला मंदिर में राहु-केतु की मूर्तियां तोड़ दीं। पुलिस ने आरोपित एकलव्य को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित मानसिक रूप से परेशान था। उसी के चलते उसने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घटना शनिवार शाम 4:30 बजे की है।
मूल रूप से जम्मू के रहने वाले एकलव्य दिल्ली में रहते हैं और सरकारी नौकरी करते हैं। शनिवार शाम को वे बिड़ला मंदिर पहुंचे और पीछे वाटिका में बने नवग्रह मंदिर में जाकर वहां लगी राहु-केतु की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने एकलव्य को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला है कि एकलव्य काफी पूजा-पाठ करते थे, लेकिन कोरोना की पहली और दूसरी लहर के दौरान उनके परिवार के तीन-चार करीबी सदस्यों का निधन हो गया। इससे उन्हें लगने लगा था कि राहु-केतु, शनि और अन्य ग्रहों की विपरीत दशा के चलते उनके परिवार के साथ ऐसा हुआ है।
