कोरोना से सीहोर में हाल बेहाल, अस्पताल ने लिखा- सारे बेड फुल हैं

सीहोर. CM शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर में भी हाल बेहाल है. यहां जिला अस्पताल के बाहर अब पोस्टर लगा दिया गया है- सारे बेड फुल हैं. यानी नए मरीजों की एंट्री बंद. ऐसे में हंगामा होने की आशंका के चलते अस्पताल के गेट पुलिस तैनात कर दी गई है. हाल ही में यहां भोपाल-इंदौर हाईवे पर कोविड सेंटर तैयार किया गया है, लेकिन ऑक्सीजन नहीं मिलने से यह शुरू ही नहीं हो पा रहा है. जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉक्टर आंनद शर्मा के मुताबिक बुधवार रात से सभी 68 बेड फुल हैं. मेडिकल वार्ड में भी मरीजों को भर्ती किया गया है, लेकिन अब नए मरीजों को भर्ती करना संभव नहीं है. यह स्थिति तब है जब मरीजों की बढ़ती संख्या के चलते मेडिकल वार्ड को भी संक्रमित रोगियों के इलाज के लिए तैयार किया गया है.
