खान सर को लेकर पटना में मचा बवाल

पटना। खान सर का नाम इंटरनेट की दुनिया में जाना-पहचाना है। रेलवे भर्ती परीक्षा के परिणाम के विश्लेषण का उनका एक वीडियो वायरल  हो गया है, जिसमें वे परीक्षार्थियों को परीक्षा परिणाम के कथित गड़बड़ी की जानकारी दे रहे हैं। साथ ही अपने हक के लिए आंदोलन करने की बात कर रहे हैं। रेलवे के खिलाफ छात्रों के बड़े आंदोलन को लेकर प्रशासन ने इस वीडियो को उकसाने वाला माना है। पुलिस ने उनके खिलाफ एफआइआर दर्ज  कर कार्रवाई शुरू कर दी है। सवाल यह है कि आखिर कौन हैं खान सर और क्‍या है उनकी खासियत? बड़ा सवाल यह भी कि उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पैदा हुए खान सर पटना वाले खान सर कैसे बन गए?

सरल भाषा और ठेठ बिहारी अंदाज के दीवाने हैं छात्र

बिहार के पटना में अपना कोचिंग सेंटर चलाने वाले खान सर इंटरनेट की दुनिया में जाना-पहचाना नाम हैं। उनके यू-ट्यूब चैनल 'खान जीएस रिसर्च सेंटर' (Khan GS Research Centre) की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इसे करीब 1.45 करोड़ लोग फालो करते हैं। खान सर सामान्‍य अध्‍ययन व सम-सामयिक घटनाक्रम को सरल भाषा और ठेठ बिहारी अंदाज में ऐसे समझाते हैं कि छात्र उनके दीवाने हो जाते हैं। खान सर के इस यू-ट्यूब चैनल के वीडियो को लाखों व्‍यू मिलते हैं। उनके कई वीडियो के व्‍यू तो दो से तीन करोड़ तक पार कर चुके हैं।

जेल पर भी बना चुके वीडियो, अब जेल जाने की नौबत

खान सर का एक वीडियो जेलों को लेकर है, जो 4.4 करोड़ से ज्यादा बार देखा गया है। खास बात यह कि अब एफआइआर के बाद गिरफ्तारी होती है तो खान सर जेल का रियल टाइम अनुभव करेंगे। संभव है कि बाहर आने के बाद वे कोई नया वीडियो बना दें।

Leave a Reply