खुद को माफ करने का मुझे पूरा हक है लेकिन मैं ऐसा क्यों करूं : डोनाल्ड ट्रंप

वॉशिंगटन | अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद को माफी देने को सोमवार को बिल्कुल सही ठहराया। साथ ही एक बार फिर अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में रूस से संभावित मिलीभगत की जांच की आलोचना की। ट्रंप ने ट्विटर पर लिखा, जैसा कि कई विधि विशेषज्ञों ने कहा है, मुझे खुद को माफ करने का पूरा अधिकार है। लेकिन मैं ऐसा क्यों करूं जब मैंने कुछ गलत नहीं किया है। 

उन्होंने लिखा, इस बीच 13 डेमोक्रेटों के नेतृत्व में संदिग्ध की कभी नहीं खत्म होने वाली तलाश जारी है। पहले समझा जाता था कि ट्रंप ने खुद ही यह शक्ति हासिल कर ली, जबकि उनके वकीलों ने माफी देने के अधिकार सहित राष्ट्रपति के विशेषाधिकारों पर विस्तृत विचार प्रकट किए। ट्रंप के वकील रूडी गुइलियानी ने रविवार को कहा था कि राष्ट्रपति को संभवत: खुद को माफी देने की शक्ति है लेकिन ऐसा करने के कठोर राजनीतिक परिणाम होंगे। 

रूस के हस्तक्षेप की जांच कर रहे विशेष वकील रॉबर्ट मुलर को लिखे पत्र में ट्रंप के वकील ने तर्क दिया कि ट्रंप ने अगर चाहा होता तो जनवरी में जांच को खत्म कर देते या चाहते तो माफ करने की अपनी शक्ति का इस्तेमाल किया होता। इस बीच, पूर्व अटॉर्नी प्रीत भरारा ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संदर्भ में सोमवार को कहा कि किसी वर्तमान राष्ट्रपति का खुद को माफी देना अपमानजनक हो सकता है। ट्रंप ने पिछले साल भरारा को पद से हटा दिया था। 


Leave a Reply