खेत में लगे ट्रांसफर्मर तोड़ कोपर चुराने वाला गिरोह गिरफ्तार

भरुच | पिछले डेढ़ साल से भरुच और सूरत के ग्रामीण इलाकों में लगे डीजीवीसीएल के ट्रांसफर्मर को तोड़ उसमें कोपर चुराने वाले गिरोह के चार शख्सों को पुलिस ने गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की है| प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले काफी समय से भरुच और सूरत के ग्रामीण इलाकों में ट्रांसफर्मर तोड़ कोपर चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही थीं| स्थानीय किसानों ने इस बारे में जिला कलेक्टर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से इसकी कई बार शिकायत भी की थी| जिसमें उन्होंने कहा था कि पिछले डेढ़ साल से ट्रांसफर्मर तोड़ उसमें कोपर चोरी किया जा रहा है| इतना ही नहीं चोरों का गिरोह खेत में रहनेवाले किसानों पर हमला कर लूट चलाते थे| इस बारे में अंकलेश्वर पुलिस थाने में रपट भी दर्ज कराई गई थी| स्थानीय लोगों और डीजीवीसीएल की अनेक शिकायतों के बाद हरकत में आई पुलिस ने गिरोह की तलाश शुरू कर दी| जिसमें गुजरात पुलिस को सफलता मिली और मध्य प्रदेश के झाबुआ से ट्रांसफर्मर चोर गिरोह के 4 शख्सों को दबोच लिया| पूछताछ में और दो नामों का खुलासा हुआ| पूछताछ में गिरफ्तार शख्सों ने बताया कि ग्रामीण इलाकों से कई ट्रांसफर्मर तोड़कर उसमें से निकाला गया कोपर अहमदाबाद और मध्य प्रदेश के इंदौर में बेच दिया था|
