गांधी के पोस्टर पर गोली चलाने के विरोध में कांग्रेस का देशभर में आज प्रदर्शन

नई दिल्ली । देशभर में सोमवार को कांग्रेस पार्टी अखिल भारतीय हिंदू महासभा के सदस्यों के खिलाफ सभी राज्य मुख्यालयों में सुबह के 10 बजे से विरोध-प्रदर्शन करेगी। यह प्रदर्शन महात्मा गांधी के पुतले पर गोली मारने और नाथूराम गोडसे की मूर्ति पर माला चढ़ाने के विरोध ने किया जाएगा। यह घटना उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में 30 जनवरी को घटित हुई थी। माना जा रहा है कि इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शामिल होंगे। अखिल भारत हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पाण्डेय ने 30 जनवरी को महात्मा गांधी जी की पुण्य तिथि को नाथूराम गोडसे की याद में शौर्य दिवस के रूप में मनाया था। पूजा शकुन ने गांधी जी के पुतले को तीन गोली मारकर उसका दहन किया। इस मामले में पुलिस ने 9 नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। एक आरोपी को हिरासत में है।
– क्या है मामला
महासभा ने एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम का नाम महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे की याद में शौर्य दिवस रखा था। इसमें पूजा शकुन पांडेय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को गद्दार बताया। गोडसे को भगवान कृष्ण की संज्ञा दी। शकुन ने कहा कि अगर गांधी और जीवित रहते तो देश का विभाजन और कई बार हो जाता। इसीलिए गांधी की तस्वीर को तीन गोली मार कर उनका पुतला भी दहन किया। शकुन ने कहा था कि नाथूराम गोडसे ने देश का बंटवारा कराने वाले का वध किया था। इसीलिए अखिल भारत हिंदू महासभा 30 जनवरी को गांधी वध को शौर्य दिवस के रूप में मनाती है। जैसे गोडसे ने गांधी के वध किया था, ठीक उसी तरह से महासभा ने भी प्रदर्शन किया है। हम गोडसे पर गर्व करते हैं। इस मामले में गांधी पार्क थाने के एसआई संजीव कुमार ने अखिल भारतीय हिंदू महासभा की राष्ट्रीय सचिव पूजा शकुन पांडेय, उनके पति अशोक कुमार पांडेय, मनोज, राजीव, जयवीर शर्मा, अभिषेक, गजेंद्र कुमार, अनिल वर्मा, महिला कार्यकर्ता उत्तमा सिंह व एक अज्ञात सहित कुल दस लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
