गांधी जयन्ती पर 143 लोगों का अपने घर का सपना हुआ साकार
भोपाल। गांधी जयन्ती के अवसर पर शहर के विभिन्न श्रेणियों के 143 नागरिकों का अपने घर का सपना साकार हुआ। नगर निगम भोपाल द्वारा शहरवासियों को अपना घर का सपना साकार करने के लिए शहर के प्रमुख स्थानों पर प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत कोकता ट्रांसपोर्ट नगर एवं हिनौतिया आलम परियोजनाओं में विभिन्न श्रेणियों के आवासों का निर्माण किया गया है और बुकिंगकर्ताओं और हितग्राहियों को इन आवासों का आवंटन आदेश देने की प्रक्रिया भी तीव्र गति से करते हुए शुक्रवार को गांधी जयन्ती के अवसर पर कोकता ट्रांसपोर्ट नगर में 49 एवं हिनौतिया आलम में 10 स्लम एवं 17 नान स्लम श्रेणी के हितग्राहियों को अस्थायी आवंटन आदेश दिए गए जबकि कोकता ट्रांसपोर्ट नगर के शेष पूर्ण राशि जमा करने वाले 59 नान स्लम, 04 एल.आई.जी. तथा 04 एम.आई.जी श्रेणी के बुकिंगकताओं को परियोजना स्थलों पर बुलाकर आवंटन आदेश देने की प्रक्रिया को निगम द्वारा पूर्ण किया गया। निगम आयुक्त के.वी.एस.चौधरी ने कोकता ट्रांसपोर्ट नगर स्थल पर पहुंचकर बुकिंगकर्ताओं और हितग्राहियों से बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दी और बुकिंगकर्ताओं/हितग्राहियों द्वारा चाही गई जानकारी/जिज्ञासा के स्वयं समाधान कारक उत्तर दिए। इस मौके पर बड़ी संख्या में उपस्थित बुकिंगकर्ताओं और हितग्राहियों ने निगम आयुक्त श्री चौधरी के पास बार-बार आकर अपने मन की जिज्ञासाओं को व्यक्त किया और सहज और सरल स्वभाव से निगम आयुक्त ने उन्हें संतोषप्रद समझाइश दी। कोकता और हिनौतिया आलम में बुकिंगकर्ताओं और हितग्राहियों ने आवासों में जाकर अवलोकन किया तथा बैंकर्स ने बुकिंगकर्ताओं और हितग्राहियों को ऋण के संबंध में विस्तृत रूप से जानकारी दी। इस अवसर पर अपर आयुक्त हरेन्द्र नारायण, मुख्य अभियंता ए.आर.पवार सहित निगम के अन्य अधिकारी व बैंकर्स/प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
