गीता ही है दरभंगा की संगम कुमारी या नहीं, डीएनए टेस्ट से उठेगा पर्दा

दरभंगा । पाकिस्तान से भारत लौटी मूक-बधिर गीता को बिहार के दरभंगा में रहने वाले एक परिवार ने अपनी बेटी होने के दावा किया था। दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने खबर पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों से इसकी जांच कराई। जांच रिपोर्ट में कहा गया है कि तथ्यात्मक विश्लेषण से पता चलता है कि गीता पर उसकी मां और परिवार का दावा सही हो सकता है। अब इस मामले की तह में जाने के लिए जिला प्रशासन ने मंत्रालय से गीता का डीएनए परीक्षण कराने का आग्रह किया है। जांच रिपोर्ट में लिखा है कि पारिवारिक पृष्ठभूमि एवं गीता की शारीरिक बनावट और ग्रामीणों के मंतव्यों से इस बात कि संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि गीता ही हवासा की संगम कुमारी है। जांच में सत्यता सामने आने के बाद दरभंगा के जिलाधिकारी ने पूरी जांच रिपोर्ट गृह विभाग के माध्यम से विदेश मंत्रालय को भी भेज दी है।
इधर, दरभंगा के जिलाधिकारी ने कहा साक्ष्य और परिस्थितियां परिवार के दावे को बल देने वाली हैं। पाकिस्तान से लौटी गीता और लापता परिवार की संगम में कई तरह की समानताएं भी हैं। यही कारण है कि परिवार के दावे को सही मानते हुए पूरी रिपोर्ट गृह विभाग के माध्यम से विदेश मंत्रालय को भेज दी गई है। जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने कहा मंत्रालय से यह आग्रह भी किया गया है कि परिवार का डीएनए टेस्ट भी करा लिया जाए।
