गुजरातभर में बरसाती माहौल, दो दिन भारी बारिश की संभावना

अहमदाबाद | अहमदाबाद समेत गुजरातभर में मानसून का विधिवत आगमन हो चुका है और राज्य में एक से चार ईंच बारिश हुई है| भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए मानसून राहत बनकर आया है| लो प्रेशर के चलते सौराष्ट्र-कच्छ, उत्तर गुजरात, मध्य और दक्षिण गुजरात में बारिश हुई| सौराष्ट्र के अमरेली में दो दिन के विराम के बाद मेघा का आगमन हुआ है| अमरेली के राजूला, धारी, सावरकुंडला, लाठी और ढसा समेत तहसीलों में बारिश हुई| अमरेली के नवा आगरिया गांव में तेज हवा के साथ जोरदार बारिश का आगमन हुआ| बारिश होने से नहर में पानी देख किसानों में खुशी छा गई| भारी बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया| लाठी और दामनगर के ग्रामीण इलाकों में एक से डेढ़ ईंच बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया| बारिश होने से खारो नदी में नई जलराशि आने से स्थानीय लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है| लाठी के ग्रामीण क्षेत्रों में तेज हवा और बिजली की कड़कड़ाहट के साथ हुई जोरदार बारिश के चलते सड़कें और खेत पानी से लबालब हो गए| जामनगर में भी मेघा आज जी खोलकर बरसे| जामनगर के कालावड समेत आसपास के इलाकों में मूशलाधार बारिश हुई| जामनगर में कहीं मध्यम तो कहीं मूशलाधार बारिश हुई| राजकोट के गोंडल समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश हुई| गोंडल के आटकोट, जसदण, रामोद, मोढिया इत्यादि गांव में तेज हवा के साथ बारिश हुई| राजकोट शहर में तेज हवा के साथ मूशलाधार बारिश होने से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया| राजकोट के कोटडा सांगाणी रामोद गांव में मूशलाधार बारिश से नदी उफान मार रही है| बारिश के दौरान नदी में बाढ़ आ जाती है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने की वजह से नदी सूखी पड़ी थी| राजकोट के गोंडल स्थित सेतुबंध डेम में एक युवक डूब गया| एक महिला का डेम में चप्पल गिर गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए युवक डेम में गया था| जो वापस लौटकर नहीं आया| युवक गोंडल के आशापुर डेम में नहाने गया था, जो बाद में महिला की मदद के लिए सेतुबंध डेम में उतरा था| गोंडल फायर विभाग के जवान फिलहाल युवक की डेम में तलाश कर रहे हैं| दक्षिण गुजरात में भी मानसून की दस्तक हो गई और कई जगह जोरदार बारिश हुई| नवसारी में बारिश होने से मौसम ठंडा हो गया और लोगों को गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिली है| राज्य के 19 जिलों की 66 से ज्यादा तहसीलों में सार्वत्रिक बारिश हो रही है| जिसमें दक्षिण, मध्य और उत्तरी गुजरात की तहसीलें शामिल हैं| दक्षिण गुजरात में सूरत, बारडोली, डांग, भरुच और तापी में रविवार की देर रात से शुरू हुई बारिश सोमवार की सुबह तक जारी रही| उत्तरी गुजरात के अरवल्ली, मध्य गुजरात के गांधीनगर और अहमदाबाद और आसपास के इलाकों में डेढ़ से दो ईंच बारिश हुई|
