गुड़गांव में शरारती तत्वों ने धार्मिक स्थल से लौट रहे युवक को पीटा

रमजान के महीने में एक बार फिर गुड़गांव में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया गया। मामला शनिवार देर रात का है। कुछ शरारती तत्वों ने सदर बाजार में धार्मिक स्थल से लौट रहे युवक के पहनावे पर टिप्पणी की और युवक पर धार्मिक नारे लगाने के लिए दबाव डाला। युवक ने मना किया तो आरोपियों ने मारपीट कर उसकी टोपी फेंक दी। शोर शराबा सुनकर काफी संख्या में समुदाय विशेष के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी युवक फरार हो गए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया।
मूलरूप से बिहार के बेगूसराय निवासी 25 वर्षीय बरकत आलम गुड़गांव में रहता है। शनिवार देर रात 10 बजे धार्मिक स्थल से वापस कमरे पर जा रहा था। सदर बाजार स्थित श्याम स्वीट्स के पास बाइक सवार चार युवक व दो पैदल जा रहे युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि युवकों ने शराब पी रखी थी। युवक के पहनावे पर टिप्पणी करने लगे। युवक के विरोध करने पर उन्होंने नारे लगाने के लिए जबरदस्ती करनी शुरू कर दी। युवक ने जब मना कर दिया तो पैदल चल रहे युवकों ने उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस ने पीड़ित को नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया और सिटी थाना पुलिस ने देर रात को पीड़ित का बयान दर्ज कर सुबह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसीपी राजीव के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में एक ही युवक सामने आ रहा है।
