गुफा में फंसे बच्चों को निकालने में रेस्क्यू टीम ने लगाई जान

थाईलैंड की एक गुफा में फंसे 12 फुटबॉल खिलाड़ियों और उनके कोच को बचाने की कोशिशें लगातार जारी हैं. थाईलैंड के एक अधिकारी ने बताया कि बचाव दल बाढ़ग्रस्त गुफा में इंटरनेट केबल लगाने की कोशिशों में जुटे हैं, ताकि माता-पिता वहां फंसे अपने बच्चों से बात कर सकें.
मौसम विभाग ने गुरुवार को चेतावनी जारी की है कि देश के उत्तरी क्षेत्र जिसमें चिआंग राय भी शामिल है, जहां की एक गुफा में बच्चे फंसे हुए हैं, वहां 7 जुलाई से 12 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है. ऐसे में बचाव दल के पास सिर्फ आज का दिन बचा है.
रेस्क्यू ऑपरेशन में पेशेवर गोताखोरों समेत नेवी सील कमांडोज को भी उतारा गया. इसके अलावा स्थानीय सेना और पुलिस भी बच्चों के बचाने के लिए जीजान से जुटी है.
बच्चों को बचाने में मदद करते हुए ऑक्सीजन की कमी के कारण सेना के एक पूर्व नेवी सील की मौत हो गई. इसके बाद से रेस्क्यू की कोशिशों पर सवाल खड़े होने लगे हैं.
बच्चे जिस गुफा में फंसे हैं, वहां से निकलना बेहद मुश्किल है क्योंकि वहां चारों तरफ पानी फैला हुआ है, रास्ता बेहद संकरा है, वहां अंधेरा है और कीचड़ होने के कारण वहां से बाहर आने के लिए उन्हें बेहद मशक्कत करनी पड़ेगी.
इस बीच फीफा के अध्यक्ष जियानी इनफैनटिनो ने थाईलैंड में गुफा में फंसे बच्चों की फुटबॉल टीम को रूस में 15 जुलाई को होने वाले वर्ल्ड कप का फाइनल मैच देखने के लिए न्यौता दिया है
बच्चों के परिजनों समेत दुनियाभर की नजरें इस ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं. अगर वक्त रहते बच्चों को गुफा से बाहर नहीं निकाला जा सकता तो मौसम बिगड़ने पर कुछ अनहोनी भी हो सकती है.
थाई नेवी की ओर से जारी ताजा वीडियो में लड़कों और उनके कोच ने कहा कि वे ठीक हैं. नेवी गुफा में फंसे युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के वीडियो लगातार जारी कर रही है. मुश्किल वक्त में भी इन बच्चों ने धैर्य बनाए रखा है.
सभी बच्चों की उम्र 11 से 16 साल है. इनके साथ 25 वर्षीय कोच भी हैं. ये सभी 23 जून को फुटबॉल के एक मैच के बाद उत्तरी चिआंग राय प्रांत में थाम लुआंग नांग नोन गुफा देखने निकले थे और इसके बाद वे लापता हो गए थे.
