गृहमंत्री अमित शाह का खुलासा, पंजाब और जम्मू-कश्मीर में नशे के खात्मे के लिए बनी खास रणनीति

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को बताया किया कि केंद्र सरकार पंजाब, जम्मू और कश्मीर में नशों की समस्या से निपटने के लिए एक विस्तृत रणनीति तैयार कर रही है।
शाह ने इस बात का खुलासा तब किया जब गुरुवार शाम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने उनसे मुलाकात की और नशे के खतरे से निपटने के लिए नेशनल ड्रग्स पॉलिसी की मांग दोहराई।
पंजाब के ड्रग्स विरोधी अभियान में केंद्र सरकार के समर्थन के लिए केंद्रीय गृहमंत्री का आभार जताते हुए मुख्यमंत्री ने पंजाब में अतिरिक्त नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के आईजी स्तर के अधिकारी की चंडीगढ़ में स्थायी रूप से प्रतिनियुक्ति की मांग की।
मुख्यमंत्री ने शाह से आग्रह किया कि वे बिना किसी बाधा के सभी मौसमों में श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर से यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रावी नदी पर एक ओवरब्रिज के निर्माण के लिए पाकिस्तान पर दबाव डालें।
कैप्टन ने राज्य पुलिस के आधुनिकीकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया और गृहमंत्री से एमपीएफ योजना के तहत धन प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने सुझाव दिया कि पंजाब को केंद्र-राज्य में 90:10 के अनुपात पर वित्तीय सहायता के लिए श्रेणी-ए राज्य के रूप में वर्गीकृत किया जाए।
