गृहमंत्री के पहुंचने से 4 घंटे पहले छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सली विस्फोट, सात जवान शहीद

नई दिल्ली दंतेवाड़ा। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के छत्तीसगढ़ पहुंचने से महज चार घंटे पहले नक्सलियों ने कायराना हरकत कर चुनौती देने का कुत्सित प्रयास किया। घात लगाए नक्सलियों ने रविवार दोपहर आईईडी विस्फोट कर पुलिस गश्ती वाहन उड़ा दिया। हमले में वाहन सवार सात जवान शहीद हो गए। गृहमंत्री राजनाथ यहां आदिवासी युवाओं की नवगठित बक्सरिया बटालियन को सोमवार को देश को सुपुर्द करने पहुंचे हैं। सीआरपीएफ की इस नई बटालियन की तैनाती नक्सल बेल्ट में की जानी है।


इस इलाके में सड़क निर्माण कार्य हो रहा है जिसे रोकने के लिए नक्सली तरह-तरह के प्रयास करते रहते हैं। पिछले चार दिनों में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कंपनी के दो कर्मचारियों की हत्या कर अपने कायराना इरादे बता दिए थे। रविवार सुबह छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) और जिला बल(डीआरजी) के सात जवान अपने एसयूवी वाहन से निर्बा सड़क निर्माण के लिए सर्चिंग पर निकले थे।


सर्चिंग के बाद जवान जब दोपहर को वापस किरंदुल लौट रहे थे तभी ग्राम चोलनार और मदाड़ी के बीच नाले के पास पुलिस वाहन विस्फोटक की जद में आ गया। इससे वाहन के कई टुकड़े हो गए। तेज धमाके की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। बाद में सपोर्टिंग पार्टी ने दो जख्मी जवानों को आनन-फानन पास के किरंदुल स्थित अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान एक जवान की सांसें थम गईं। दूसरे जवान को प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकाप्टर से रायपुर भेजा गया लेकिन शाम होते-होते रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर अस्पताल में उसकी भी मौत हो गई।


तार की मदद से किया विस्फोट


मदाड़ी नाले के पास सड़क के कई फीट नीचे नक्सलियों ने करीब 50 किलो विस्फोटक दबा रखा था। जवानों से भरा वाहन ज्यों ही इसकी जद में पहुंचा, दूर बैठे नक्सलियों ने तार की मदद से इसमें विस्फोट कर दिया। तेज /धमाके के चलते सड़क पर करीब 10 फीट गहरा गड्ढा हो गया। विस्फोट के चलते पुलिस वाहन करीब 15 फीट हवा में उछला और कई टुकड़ों में बंटता हुआ इर-उर बिखर गया। जानकारों के अनुसार विस्फोटक की इतनी मात्रा से एंटी माइन व्हीकल को भी उड़ाया जा सकता है।


जिला बल के शहीद जवान


1- प्रधान आरक्षक रामकुमार यादव, ग्राम भुनियापारा, कांकेर, छत्तीसगढ़


2- आरक्षक टिकेश्वर ध्रुव, ग्राम परेवाहोह, थाना अर्जुनी, धमतरी, छत्तीसगढ़


3- आरक्षक शालीग्राम सिन्हा, ग्राम चिनोरी, चारामा, कांकेर, छत्तीसगढ़


सीएएफ के शहीद जवान


4- प्रधान आरक्षक विक्रम यादव, ग्राम निरा छिंदली, थाना केशकाल, जिला कोंडागांव, छत्तीसगढ़


5- आरक्षक राजेश सिंह, ग्राम बीहट, थाना बरौनी, जिला बेगुसराय, बिहार


6- आरक्षक रविनाथ पटेल, ग्राम बसनी, थाना बड़ागांव, जिला वाराणसी, उत्तर प्रदेश


7- अर्जुन राजभर, ग्राम बरईपारा, थाना सादियाबाद, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश।


लूटे गए हथियार


– दो ए.के.-47


– दो इंसास


– दो एस.एल.आर.


– दो हैंड ग्रेनेड।


कायराना हरकत है यह


नक्सली आमने-सामने की लड़ाई नहीं लड़ते, आईईडी ब्लास्ट कर जवानों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। वर्षों पुरानी समस्या है नक्सलवाद। राज्य सरकारों से बात कर इसके निदान का रास्ता निकाला जा रहा है।


– राजनाथ सिंह गृह मंत्री, भारत सरकार


देंगे मुंहतोड़ जवाब


नक्सलियों को विकास अच्छा नहीं लगता इसीलिए तरह-तरह की कायराना हरकत करते रहते हैं। हम शहीद जवानों को नमन और घायल जवान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हैं। इस घटना का मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा। विकास का पहिया अब किसी भी हाल में नहीं रुकेगा।


– डॉ. रमन सिंह मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़।


Leave a Reply