गेहूं में लगी आग से घिरा परिवार, बचाव के लिए दौड़ी महिला ठोकर लगकर गिरी, जिंदा जली

हरियाणा में रविवार को भी तेज लू चली। इसके कारण जगह-जगह चिंगारी से लगी आग तेजी से भड़की और फैलती चली गई। सोनीपत में गोहाना क्षेत्र के गांव बडाैता में खेतों में काम कर रहा एक परिवार आग में घिर गया। बचाव के लिए भागते समय 39 वर्षीय महिला मीना ठोकर लगने से खेत में गिर गई।
धुआं अधिक होने के कारण वह पति सेवाराम और बेटे बॉबी, मोहित और साहिल को दिखाई नहीं दी और वे खुद को बचाने के लिए सड़क पर पहुंच गए। महिला आग की चपेट में आने से जिंदा जल गई। जब साथ नहीं दिखी तो पति व बेटे वापस खेतों की तरफ गए, जहां मीन झुलसी मिली। उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रदेश में लगातार दूसरे दिन 14 जिलों में आग से करीब 2678 एकड़ गेहूं-फाने व 2 एकड़ गन्ने की फसल जल गई। सीजन में अब तक 9458 एकड़ गेहूं-फाने जल चुके हैं। राजस्व एवं आपदा विभाग ने सभी जिला उपायुक्त को जली फसलों का सर्वे कराकर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।
