ग्रेफाइट ने पांच हजार करोड़ जुटाने शेयरधारकों से मांगी मंजूरी

मुंबई । कार्बन और ग्रेफाइट इलेक्ट्रोड निर्माता कंपनी ग्रेफाइट इंडिया ने 5,000 करोड़ रुपए जुटाने के लिए शेयरधारकों की मंजूरी मांगी है। पूंजीगत व्यय और अधिग्रहण सहित कंपनी की संसाधन संबंधित आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ग्रेफाइट की पूंजी जुटाने की योजना है। ग्रेफाइट भारतीय या विदेशी बाजारों में एक या अधिक किस्तों में यह पूंजी प्राप्त करेगी। दरअसल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेशों के कारण बेंगलुरु संयंत्र के बंद होने के बाद कंपनी की पश्चिम बंगाल में अपनी दुर्गापुर इकाई की क्षमता को बढ़ाने की योजना है। ग्रेफाइट के बेंगलुरु संयंत्र की वार्षिक क्षमता 13,000 टन थी और इसने 2017-18 में कंपनी के कारोबार में 17 फीसदी योगदान दिया था। दुर्गापुर इकाई कंपनी के लिए इलेक्ट्रोड का सबसे बड़ा उत्पादक संयंत्र है, जो इसकी कुल 98,000 टन क्षमता में लगभग 59 फीसदी योगदान देता है।

Leave a Reply