घरों से निकलो तो चेन‑मोबाइल संभालकर चलो

पुलिस का उटपटांग अनाउंसमेंट
इंदौर। कल मुख्यमंत्री के दौरे के बीच चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात थी, तभी चंदन नगर क्षेत्र में तीन बदमाशों ने एक महिला की चेन झपट ली। इस वारदात के बाद लुटेरे सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गए, जिन्हें पुलिस नहीं पकड़़ पाई। घटना के बाद पुलिस इलाके में सख्ती करने के बजाय जीप से हास्यास्पद अनाउंसमेंट करती नजर आई।
घटना रात करीब 8 से 9 बजे की बताई गई। उस दौरान मुख्यमंत्री शहर में थे। डीआईजी ने पूरे शहर में पुलिस को चौकसी बरतने की हिदायत दी थी। इस बीच सच्चिदानंद नगर की रहने वाली प्रतीभा नीमा 7 साल के पोते कान्हा के साथ स्कीम नंबर 71 से एक्टिवा से गुजर रही थीं। पीछे से आए तीन बदमाशों ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। पुलिस ने मामले को दबाने का प्रयास किया, लेकिन घटना छुप नहीं पाई। रात को चंदननगर पुलिस ने इलाके में घूमकर अनाउंसमेंट किया कि सावधानी रखें। अंधेरे में घर से बाहर नहीं निकलें। अपने मोबाइल और चेन को संभाले रखें। यही नहीं, महिलाओं को खास एहतिहात बरतने की हिदायत भी दी जा रही थी। ऐसे अनाउंसमेंट लोगों में दहशत फैलाते हैं।

Leave a Reply