चाकसू में 11 इंच बारिश, तालाब टूटने से बस्तियों में भरा पानी, प्रदेश में 6 मौतें

उदयपुर । प्रदेश में लगातार तीसरे दिन भी तेज बारिश का दौर जारी रहा। जोरदार बारिश के कारण बांध-तालाब लबालब होने लगे हैं। जयपुर में तीन दिन में करीब नौ इंच बारिश हो चुकी है। शुक्रवार को 6 इंच बारिश दर्ज की गई। चाकसू इलाके में 11 इंच पानी गिरा। हालोराव तालाब टूटने से चाकसू में 3 से 5 फीट तक पानी भर गया। रावता बांध में भी रिसाव शुरू होने से आसपास के गांवों को खतरा बढ़ गया है। श्रीगंगानगर, टोंक, सवाई माधोपुर सहित कई जिलों में बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर गया है। कई मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं उदयपुर में सिर्फ फुहार ही गिरी। उधर, वर्षाजनित हादसों में 6 लोगों की मौत हो गई। बांसखो में डूबने से दिलराज मीना (13), झुंझुनूं में राजेश (14), खेतड़ी में शुभम (19), सीकर में दो युवकों व सवाई माधोपुर में जयपुर के छात्र मनीष (17) की मौत हो गई। बस्सी रेलवे स्टेशन पर पानी भरने से जयपुर-मथुरा पैसेंजर ट्रेन दौसा-जयपुर के बीच रद्द हुई। जयपुर-खैरथल एक्सप्रेस, रानीखेत एक्सप्रेस व पोरबंदर-मुज्जफरपुर एक्सप्रेस, जयपुर-इलाहाबाद एक्सप्रेस 1 से 2 घंटे तक की देरी से चलीं। जयपुर से तीन उड़ानें 40 मिनट एयर होल्डिंग पर रहीं। दो को दिल्ली डायवर्ट किया गया।
