चाय की थड़ी चलाने वाले के पास मिला देशी कट्टा

जयपुर । कानोता थाना पुलिस ने चाय की थड़ी चालने वाले एक युवक को देशी कट्टा लेकर घूमते गिरफ्तार किया है। पुलिस फिलहाल आरोपित से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि आम्र्स एक्ट में आरोपित धारासिंह (25) निवासी गांव शीलपुरा करौली का रहने वाला है। वह एसएमएस अस्पताल के पास चाय की थड़ी चलाता है और वहीं रहता है। मुखबिर से सूचना मिली कि आगरा रोड पर आईसीएफएआई यूनिवसिटी के पास एक युवक किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई कर संदिग्ध को धर-दबोचा। तलाशी में उसके पास एक देशी कट्टा व कारतूस मिला। पुलिस ने आरोपित धारासिंह को गिरफ्तार कर अवैध हथियार जब्त किया।
