चार वर्षां में वन क्षेत्र में लगभग साढ़े तीन प्रतिशत की वृद्धि-मुख्यमंत्री

रांची ।  मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में पिछले 4 वर्षों में वन क्षेत्र में लगभग साढे तीन प्रतिशत की वृद्धि हुई है. यह बड़ी उपलब्धि है। राज्य के वन घनत्व और क्षेत्रफल में विस्तार हुआ है। झारखण्ड में वन क्षेत्र 33प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से अधिक हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का यह सकारात्मक प्रभाव है।  मुख्यमंत्री   रघुवर दास ने शनिवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित राज्य 20 सूत्री समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि वन क्षेत्रों में निरंतर वृद्धि होना झारखंड वासियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। जिस प्रकार देश में सिकुड़ते वन क्षेत्र और राज्य के वन क्षेत्रों में कमी आई थी वह चिंता का विषय था। परंतु पिछले साढ़े चार वर्षों के सरकार और जनता के प्रयास से वन क्षेत्रों में हुई वृद्धि की रिपोर्ट अच्छी ख़बर लेकर आई है।  
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना बनी सहायक
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि अच्छी बात यह है कि राज्य के वृक्ष क्षेत्र तथा सघन वन क्षेत्र में 214 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि हुई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की कई योजनाएं और खासकर प्रधानमंत्री उज्जवला योजना ने झारखंड के वन सरंक्षण में अहम भूमिका निभाई है। केंद्र सरकार की उज्जवला योजना के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में एलपीजी गैस चूल्हों का उपयोग बढ़ा है जिसके फलस्वरूप जलावन की लकड़ी के लिए जंगल को क्षति पहुंचना कम हुआ है। 
पर्यावरण संतुलन की दिशा में सरकार ने की है सकारात्मक पहल
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य में वृक्षारोपण के लिए व्यापक अभियान पिछले 4 वर्षों में चलाया गया। पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए “मुख्यमंत्री जन वन योजना“ चलाई गई है। इस योजना के लागू होने से पर्यावरण की दिशा में सकारात्मक परिणाम दिखे है। मुख्यमंत्री जन वन योजना के अंतर्गत वनाच्छादित क्षेत्रों को बढ़ाने की दिशा में बेहतरीन प्रयास हो रहे है । निजी भूमि पर भी वृक्षारोपण को बढ़ावा देकर किसानों की आय के साधन में वृद्धि के साथ-साथ राज्य के वन क्षेत्रों से दबाव को कम किया गया है।

Leave a Reply