चीनी मेकअप इंडस्ट्री में मानव बालों की मांग बढ़ी, पाक से आए 94 लाख रुपए के बाल 

इस्लामाबाद। पाकिस्तान अभी तक चीन को पिछले पांच सालों में तकरीबन 94 लाख रुपये की कीमत के एक लाख किलोग्राम मानव बालों का निर्यात कर चुका है। दरअसल, चीन में मेकअप इंडस्ट्री जैसे-जैसे बढ़ रही है वहां मानव बालों की मांग भी बढ़ती जा  रही है। स्थानीय स्तर पर हेयर एक्सेसरीज का उत्पादन घटने के कारण चीन मानव केशों का आयात कर रहा है। पाकिस्तान के वाणिज्य और कपड़ा मंत्रालय ने नैशनल असेंबली को जानकारी दी कि पिछले पांच सालों में चीन को 1,05,461 किलोग्राम मानव बाल का निर्यात किया गया है। पाकिस्तानी मी‎डिया के अनुसार प्रतिष्ठित ब्यूटीशियन एम.एम.चौहान बताते हैं कि निर्यात बढ़ने की दूसरी वजह लोगों में विग पहनने के चलन का बढ़ना है। उन्होंने कहा कि दूसरी वजह चीन में स्थानीय स्तर पर हेयर एक्सेसरीज के उत्पादन में गिरावट आना है। उन्होंने बताया कि पहले स्थानीय लोग हेयर एक्सटेंशन, मूछें, बियर्ड और विग हाथ से बनाते थे, लेकिन चीनी मेकअप इंडस्ट्री में स्थानीय कारीगारों की शाख कमजोर हुई है। अब नियार्तकों ने हेयर सलोन में अपने डस्टबिन लगा रखे हैं । ग्राहकों के काटे गए बालों को डस्टबिन में इकट्ठा किया जाता है। निर्यातक 5,000 या 6,000 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बाल खरीदते हैं। उच्च गुणवत्ता वाले बालों का अमेरिका और जापान में भी निर्यात किया जाता है क्योंकि वहां मनोरंजन जगत में इसकी काफी मांग है। इस वक्त पाकिस्तान में भी हेयर एक्सटेंशन और विग की ‎‎डिमांड बढ़ी है।

Leave a Reply