चोरों से बरामद 22 लाख का माल पुलिस ने लौटाया

भिवंडी। मुंबई से सटे भिवंडी पुलिस ने शहर के विभिन्न इलाकों से चोरी हुआ 22 लाख रुपये का सामान बरामद कर उसे भुक्तभोगियों को वापस कर दिया. सोने-चांदी के जेवर, मोबाइल और मोटरसाइकल सहित अन्य कीमती सामान लौटाया गया है. भिवंडी पुलिस उपायुक्तालय के अंतर्गत नारपोली, शांतिनगर, भिवंडी शहर, भोईवाडा, निजामपुर एवं कोनगांव पुलिस स्टेशन इलाके में सैकड़ों सेंधमारी, चेन स्नैचिंग, वाहन एवं मोबाइल चोरी की घटनाएं दर्ज हुई थीं. विभिन्न पुलिस थानों में दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 22 लाख रुपये का सामान बरामद कर करीब 60 लोगों का सामान वापस कर दिया. इस दौरान पुलिस उपायुक्त अंकित गोयल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित थे.
