छात्र की महिला मित्र से होगी पूछताछ, कॉल डिटेल भी खंगालेगी पुलिस

भोपाल। राजधानी के अयोध्या नगर थाना इलाके में होटल मैनेजमेंट की तैयारी कर रहे एक छात्र द्वारा बीती दोपहर अपने घर में फांसी लगाकर जान देने के मामले मे पुलिस ने कारणो की छानबीन शुरु कर दी है। बताया गया है की अग्रेजी मे लिखे सुसाइड नोट में उसने अपनी प्रेमिका से बहुत प्यार करने तथा मौत के बाद में गर्ल फ्रेंड को तंग न करने की बात पुलिस के लिए लिखी थी। वहीं पुलिस का अनुमान है कि प्रेमिका से विवाद के बाद में युवक ने खुदकुशी की थी। इस मामले में युवती से पूछताछ की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस मृतक की कॉल डिटेल भी खंगाल रही है, जिसके आधार पर उसके फोन पर अधिक संपर्क में रहने वाले तथा आखरी बार फोन पर बात करने वालों से भी पुलिस बातचीत करने की तैयारी में है। गोरतलब है कि 25 वर्षीय विशाल ऐलिसन अयोध्या नगर एक्सटेंशन मकान नंबर 141 एमआईजी सी सेक्टर में किराए का मकान लेकर मां ग्रेसी के साथ रहते थे। वह मूलत: बीना के निवासी थे और पढ़ाई पूरी करने के बाद विशाल इन दिनों होटल मैनेजमेंट करने की तैयारी कर रहे थे। उनके पिता अरुण का पूर्व में ही निधन हो चुका है। मां एक निजी स्कूल में टीचर हैं। बुधवार सुबह विशाल ने खुद ही खाना बनाया। खाना खिलाने के बाद मां को स्कूल छोड़ा। फिर घर लौटकर अपने कमरे में फांसी लगा ली। बाद मे घटना का पता चलने पर अयोध्या नगर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां तलाशी लेने पर पुलिस को कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें एक युवती का जिक्र करते हुए विशाल ने लिखा है कि उसे परेशान मत करना। मैं मर्जी से अपनी जिंदगी से क्विट कर रहा हूं। हालांकि, नोट में खुदकुशी की वजह विशाल ने नहीं लिखी है।
