जनसंपर्क विभाग के कर्मचारी मधुकर पंवार 40 साल की सेवा के बाद सेवानिवृत्त

इन्दौर । संभागीय जनसंपर्क कार्यालय इंदौर के कर्मचारी मधुकर राव पंवार आज लगभग 40 साल की सेवा के बाद 62 साल की उम्र में सेवानिवृत्त हो गये। उन्होने लगभग 40 साल तक जनसंपर्क विभाग में ईमानदारी और समर्पित भाव से सेवा दी। इस अवसर पर संभागीय जनसंपर्क कार्यालय इंदौर में पंवार को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर रिटायर्ड अपर संचालक अशोक कुमार मिश्रा ने कहा कि जनसंपर्क कार्यालय में साधन की कमी के बावजूद भी पंवार ने हमेशा समर्पित भाव से काम किया। उनका फक्कड़ जीवन सबके लिए अनुकरणीय है। इस अवसर पर रिटायर्ड अपर संचालक भूपेन्द्र सिंह गौतम ने कहा कि एक दिन सभी सेवानिवृत्त होते हैं, सेवानिवृत्त के बाद आदमी स्वतंत्र और निश्चिंत हो जाता है। आज से उनके जीवन में नये युग की शुरूआत है।
इस अवसर पर कार्यालय प्रमुख डॉ. आर.आर. पटेल ने कहा कि जनसंपर्क कार्यालय से आज एक सदस्य की और विदाई हो गई। हम मधुकर राव पंवार के स्वस्थ्य दीर्घायु और सुखी जीवन की कामना करते हैं। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार कल्याण सिंह निराला ने कहा कि जनसंपर्क कार्यालय में पत्रकारों को सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का सहयोग मिलता रहा है। पंवार को पेंशन के कागजात भी हाथों-हाथ दिये गये। कार्यक्रम का संचालन एपीआरओ डॉ. बी.एन. सिंह ने किया। इस अवसर पर कार्यालय के कर्मचारी श्रीकांत सिरसाट, विजय कुमार सिंह, अशोक वटके, दिनेश कपूर, बंशीधर जोशी आदि मौजूद थे।
