जबलपुर में 50 लाख हवाला पकड़ाया

जबलपुर । आरपीएफ द्वारा रविवार देर रात मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से जब्त किए गए 50 लाख रुपए हवाला का निकला। ये रकम करमचंद चौक स्थित एक संदिग्ध व्यापारी का बताया जा रहा है। पूर्व में भी उसके हवाला कारोबार का खुलासा हो चुका है। कोरोना के चलते एक बार फिर उसने हवाला का काम तेज कर दिया है। सूत्रों की मानें तो कोरोना के चलते तीन प्रतिशत पर होने वाला हवाला कारोबार सात प्रतिशत के कमीशन तक पहुंच गया है। सोमवार को आरपीएफ ने पूरा मामला आयकर विभाग के इन्वेस्टिगेशन विंग को सौंप दिया। ज्वाइंट डायरेक्टर आशीष डेहरिया ने बताया छानबीन के बाद पूरे प्रकरण का खुलासा करेंगे।
आरपीएफ की गिरफ्त में आई आरोपी पूरी रात खुद को नाबालिग बताती रही। जब जांच हुई तो पता चला कि वह 22 वर्ष की बालिग है। आरोपी युवती ने ट्रेन रिजर्वेशन में खुद का नाम चंचल उर्फ मुस्कान लिखाया है। वहीं उसके साथ कोई दूसरी युवती नहीं, एक युवक आने वाला था। इस युवक का नाम उसने दीपक बताया है। महानगरी एक्सप्रेस रात के 10.30 बजे के लगभग छूटने वाली थी। उससे पहले आरपीएफ ने युवती को नोटों के भरे बैग के साथ पकड़ा था।
पुराने हवाला कारोबारी का नाम आया सामने
आरपीएफ सूत्रों की मानें तो पूछताछ में युवती ने करमचंद चौक स्थित एक दुकान में काम करना बताया। उसे पांच हजार रुपए रकम पहुंचाने के एवज में मिलते हैं। स्लीपर बोगी में उसका रिजर्वेशन हुआ था। इसी बोगी में दीपक का भी रिजर्वेशन था। दोनों को दादर में यह रकम हैंडओवर करना था। उसके बारे में उन्हें जानकारी वहां पहुंचने के बाद दी जाती। आयकर की इन्वेस्टिगेशन विंग की पूछताछ में पता चला है कि दोनों पुराने हवाला कारोबारी के लिए बतौर पैडलर की भूमिका निभा रहे थे।
