जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, 4 जख्मी

पुष्कर/अजमेर । नजदीकी ग्राम नेड़लिया में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर लाठी-सरिए व पत्थरों से हमला किया, जिससे दोनों गुटों के 4 जने जख्मी हो गए। इनमें से एक पक्ष के दो भाइयों को गंभीर चोट लगने के कारण अजमेर रैफर किया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से परस्पर मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार निकटवर्ती ग्राम नेड़लिया-डांग निवासी कल्याण सिंह रावत व रामदेव रावत के परिवार के बीच जमीन पर कब्जा करने की बात को लेकर विवाद हो गया। घटना के संबंध में कल्याण सिंह ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि शनिवार शाम करीब 4 बजे उसका भाई करण खेत पर काम कर रहा था। इस दौरान अजमाल, नानू, मोहन, रामदेव, अन्नू, अजमाल की पत्नी, प्रेम, गीता आदि एक राय होकर आए तथा खेत पर लगी तारबंदी तोड़ दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लामबंद होकर डंडे व सरिए से करण पर हमला बोल दिया, जिससे वह जख्मी हो गया।  जानकारी मिलने पर कल्याण मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की, जिससे उसे भी चोटें आईं। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से रामदेव ने कल्याण, करण, रणजीत एवं ज्ञानी पर उनकी पुश्तैनी कब्जेशुदा जमीन पर तारबंदी व खंभे लगाकर कब्जा करने तथा जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए बताया कि शाम करीब 4.30 बजे आरोपियों ने उनकी कब्जाशुदा जमीन पर कब्जा कर लिया तथा विरोध करने पर उन्होंने उसके व परिवार के सदस्यों पर डंडे, सरिए व सामल से हमला कर दिया। हमले में अजमाल व मोहन जख्मी हो गए।

Leave a Reply