जमीन विवाद में वृद्ध की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या

मेदिनीनगर। जमीन विवाद में अक्सर खूनी संघर्ष देखने को मिलते हैं। बावजूद इस तरह के विवादों को रोकने के लिए आज तक कारगर कदम नहीं उठाया गया। पलामू जिले में कुछ इसी तरह का मामला सामने आया है। यहां 70 वर्षीय बुजुर्ग की तेज धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। घटना के संबंध में छह लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है.
जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलसुलमा में बीती रात नागेश्वर सिंह (70वर्ष) की गला रेतकर हत्या कर दी गयी. मृतक की पत्नी राममणि देवी ने बताया कि रात में 5-6 लोग उसके घर में जबरन घुस आए और उसके पति पर हमला बोल दिया. तेज धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गयी। सूचना मिलने पर सतबरवा पुलिस द्वारा सोमवार को शव कब्जे में लिया गया। पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेज दिया गया है।
सदर अस्पताल में नागेश्वर सिंह के पुत्र हीरामण सिंह ने बताया कि जमीन विवाद में उनके पिता पर वर्ष 2007 में भी हमला बोला गया था। उस समय उन्हें गोली मारने की कोशिश की गयी थी। हालांकि गोली लगने के बाद भी वे बच गए थे। गोली चलाने के आरोप में गांव के निर्मल सिंह को जेल भी हुई थी।
जिन लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा है, वे हमेशा मौके की ताक में रहते थे। इसी विवाद के कारण वह अपने बच्चों के साथ दुलसुलमा से सटे पोंची में रहते हैं। घटना में शामिल हत्यारों को उसकी मां ने देखा है। उनकी संख्या 5-6 के आस-पास थी। घर में घुसते ही उनके पिता को कब्जे में लिया गया और हत्या कर दी।
नागेश्वर सिंह हत्याकांड में दुलसुलमा के निर्मल सिंह, गिरिवर सिंह, हरिकेश सिंह, जानकी सिंह, राधेश्याम सिंह और एक अन्य को आरोपी बनाया गया है. मृतक के पुत्र ने बताया कि इस घटना में इलाके के मुखिया ब्रहमदेव सिंह की भी भूमिका भी संदिग्ध है. पुलिस से कार्रवाई की मांग की गयी है. थाना प्रभारी रूपेश कुमार दुबे ने बताया कि नागेश्वर सिंह के परिजनों का बयान दर्ज किया गया है. जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.
