जम्मू-कश्मीर: कोरोना के दो संदिग्ध रोगियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव होने की आशंका
भारत में अब कोरोनावायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 31 हो गई है। इनमें से 15 भारतीय और 16 विदेशी नागरिक शामिल हैं। 15 भारतीयों में से केरल में मिले तीन को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है। बाकी 12 मरीजों में तेलंगाना, जयपुर और गाजियाबाद में एक-एक और दिल्ली के तीन मरीज शामिल हैं। दिल्ली में शुक्रवार को एक नए मरीज की पुष्टि हुई है। वहीं आगरा में एक ही परिवार के छह मरीज मिले हैं।
कोरोना के दो संदिग्ध रोगियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव होने की आशंका
जम्मू-कश्मीर में कोरोना के दो संदिग्ध रोगियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव होने की आशंका है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार दोनों मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं राज्य प्रशासन ने बायोमेट्रिक पंच पर 31 मार्च तक के लिए रोक लगा दी है। इसके अलावा जम्मू और सांबा जिले में सभी प्राइमरी स्कूलों को भी 31 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया है।
14 मौत के बावजूद ट्रंप बोले- अमेरिकी जनता के लिए कुल मिलाकर जोखिम कम
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि घातक कोरोनावायरस से अमेरिकी जनता के लिए कुल मिलाकर जोखिम कम है। ट्रंप ने अटलांटा रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के मुख्यालय का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि मुझे लगता है कि इस स्तर पर अमेरिकी जनता के लिए कुल मिलाकर जोखिम कम है। जॉन्स हॉपकिन्स कोरोनावायरस ट्रैकर के अनुसार अमेरिका में इस वायरस के कम से कम 299 मामले सामने आये है और इससे 14 लोगों की मौत हुई है।
संयुक्त राष्ट्र ने नौ देशों से शांति सेना की तैनाती में विलंब करने को कहा
संयुक्त राष्ट्र ने चीन, दक्षिण कोरिया और फ्रांस समेत नौ देशों से कोरोनावायरस के कारण अपनी संयुक्त राष्ट्र शांति सेनाओं की बारी-बारी से तैनाती में तीन महीने की देरी करने के लिए कहा है। संयुक्त राष्ट्र में राजनयिक सूत्रों ने बताया कि परिचालन की निरंतरता को बनाए रखने के लिए इन देशों से यह अनुरोध किया गया है। कंबोडिया, थाईलैंड, नेपाल, भारत, इटली और जर्मनी समेत नौ देशों में COVID-19 का प्रकोप बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन को ‘ब्लू हेल्मेट्स’ के रूप में जाना जाता है। संयुक्त राष्ट्र चाहता है कि परिचालन की निरंतरता को बनाए रखने के लिए तैनात किये गये सैनिक स्वस्थ रहे। ब्लू हेल्मेट्स में 15 देशों में शांति अभियानों के लिए लगभग 100,000 लोग हैं।
सिंगापुर में 13 नए मामले सामने आए
सिंगापुर में कोरोनावायरस के 13 नए मामले सामने आने के बाद इस जानलेवा वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है। कोविड-19 के 13 नए मामले शुक्रवार को दर्ज किए गए। चैनल न्यूज एशिया की खबर के मुताबिक, स्वास्थ्य मंत्रालय की ताजा रिपोर्ट से कोरोनावायरस के मामलों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है। सिंगापुर में कोरोना वायरस के नौ मरीजों की हालत गंभीर बनी हुई है और 48 अस्पताल में भर्ती हैं। 82 मरीजों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
दिल्ली में कोरोनावायरस से पीड़ित व्यक्ति के संपर्क में आए 11 लोगों को पृथक किया गया
कोरोनावायरस से संक्रमित उत्तम नगर ( पश्चिमी दिल्ली) निवासी के परिवार के सात सदस्यों समेत कुल 11 लोगों को उनके आवास पर पृथक रखा गया है। साथ ही उस क्षेत्र के 50 घरों पर भी नजर रखी जा रही है। दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य अधिकारी ने कहा कि रोगी की पत्नी, माता-पिता, भाई, भाभी और उनके दो बच्चों को पृथक रखा गया है। जांच के लिए उनके खून के नमूने लिए गए हैं।
इटली में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 197 हुई
इटली में कोरोनावायरस से शुक्रवार को 49 और लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही देश में इस वायरस से मरने वालों की संख्या 197 हो गई है। कोरोनावायरस से सर्वाधिक मौत चीन के बाद इटली में हुई है।
देश में इस वायरस के संक्रमण के कुल 4,636 मामले हो सामने आए हैं जो चीन, दक्षिण कोरिया और ईरान के बाद सर्वाधिक हैं।
चीन में 28 और लोगों की मौत
चीन में कोरोना वायरस से शनिवार को 28 और लोगों की मौत हो गई जिससे इस वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 3,070 पहुंच गई है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग के अनुसार, इस वायरस के संक्रमण के 99 नए मामले सामने आये है। नए मामलों की संख्या इस वायरस के केन्द्र रहे हुबेई प्रांत के बाहर दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि 25 नए मामले मध्य प्रांत के बाहर दर्ज किए गए हैं।
अमेरिकी तट पर खड़े जहाज पर सवार 21 लोग संक्रमित
अमेरिका में सैन फ्रांसिस्को के तट पर खड़े क्रूज जहाज पर सवार 21 लोगों के कोरोनावायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उपराष्ट्रपति माइक पेंस ने कहा कि जिन लोगों में कोरोनावायरस की पुष्टि हुई है उनमें से 19 चालक दल के सदस्य तथा दो यात्री हैं। पेंस ने बताया कि जहाज को इस सप्ताह के अंत तक एक गैर वाणिज्यिक डॉक तक लाया जाएगा और सभी 3,533 यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों की जांच की जाएगी। ग्रैंड प्रिंसेस नाम का यह जहाज बुधवार से सैन फ्रांसिस्को में फंसा है। इसमें सवार दो लोगों के कोरोना वायरस की चपेट में आने का पता चला था। इनमें से एक की बाद में मौत हो गई थी।
जम्मू-कश्मीर: कोरोना के दो संदिग्ध रोगियों की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव होने की आशंका
दुनियाभर में कोरोनावायरस का कहर बढ़ता ही जा रहा है। यह वायरस भारत समेत दुनिया के 96 देशों को अपनी चपेट में चुका है। इस वायरस से अब तक 3466 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार देर रात तक इससे संक्रमितों की संख्या एक लाख के पार पहुंच गई है। वहीं, भारत में अब तक कोरोनावायरस के 31 मामलों की पुष्टि हो चुकी है। कोरोना के खतरे से निपटने के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने भी कमर कस ली है।
आज प्रधानमंत्री से मिलेंगे हर्षवर्धन
देश में कोरोनावायरस के फैलते प्रभाव के मद्देनजर शनिवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे।
