जयपुर के महल, किलों और स्मारकों में कर सकेंगे प्री और पोस्ट वेडिंग शूटिंग

जयपुर. प्री और पोस्ट वेडिंग शूटिंग (Pre and Post Wedding Shooting) के क्रेज के चलते राजस्थान के पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग ने इसके लिये अलग से नई पॉलिसी तैयार की है. इस तरह शूटिंग के लिए हर दो घंटे के लिए इच्छुक व्यक्ति को 5 हजार रुपये देने होंगे. उसके बाद वे अपने मनचाहे ऐतिहासिक स्मारक (Historical monument) पर प्री और पोस्ट वेडिंग शूट करवा सकेंगे. इसके लिए 1 फरवरी को अधिसूचना जारी की गई थी. उसके बाद 2 फरवरी को आदेश जारी कर दिये गये हैं. आवेदनकर्ता यदि शूट ऑफिस टाइम के अलावा करना चाहते हैं तो उन्हें 15000 रुपये प्रति घंटे का भुगतान करना होगा.

अभी तक काफी तादाद में लोग जयपुर के अल्बर्ट हॉल, आमेर और हवामहल जैसे मॉन्यूमेंट्स के बाहर प्री और पोस्ट वेडिंग शूट्स करते रहे हैं. लेकिन इसकी कोई पॉलिसी नहीं थी. ज्यादातर लोग इस तरह के शूट्स मॉन्यूमेंट्स के बाहर से ही करते थे. राजस्थान सरकार अब जयपुर में ऐतिहासिक स्मारकों और संग्रहालयों में विवाह पूर्व और बाद की शूटिंग की आधिकारिक अनुमति दी रही है. नई नीति के अनुसार इच्छुक पक्ष एक निश्चित राशि का भुगतान करके शादी की शूटिंग के उद्देश्य से गुलाबी शहर के स्मारकों में एंट्री पा सकते हैं.

जीवन के यादगार पल बन जाते हैं

कला, साहित्य, संस्कृति और पुरातत्व विभाग की सचिव मुग्धा सिन्हा के मुताबिक आजकल काफी लोग प्री और पोस्ट वेडिंग शूटिंग को तवज्जो दी रहे हैं. इन खास पलों को वे भीड़ के बिना खास तरीके से शूट करना चाहते हैं. यह जनता के लिए एक्सपीरियंस टूरिज्म को भी बढ़ाता है. लोगों को नए तरह के पर्यटन से जोड़ता है. क्योंकि ये उनके जीवन के यादगार पल बन जाते हैं जिन्हें वे कभी नहीं भूलते.

यह देनी होगी फीस

विभाग के निदेशक प्रकाशचंद्र शर्मा का कहना है कि नये नियमों के मुताबिक अगर कोई ऐसे ऐतिहासिक स्मारकों, किलों, महल, म्यूजियम, बागों या संग्रहालयों में शादी से पहले और बाद की शूटिंग करना चाहता है तो उन्हें हर दो घंटे के लिए 5000 रुपये का भुगतान करना होगा. ऑफिस टाइम के अलावा इसके चार्ज अलग हैं. ऑफिस टाइम के समय से पहले या बाद की शूटिंग के लिये उन्हें 15000 रुपये प्रति घंटे का भुगतान करना होगा.

ये ऐतिहासिक स्थल हैं इस सूची में शामिल

शर्मा ने बताया कि हालांकि इस तरह की शूटिंग पहले भी होती रही हैं , लेकिन उस समय इस संबंध में कोई उचित दिशा-निर्देश नहीं थे और ना ही कोई गाइडलाइंस थी. जयपुर में जिन जगहों पर प्री-और पोस्ट-वेडिंग शूट किए जा सकते हैं उनमें आमेर महल, अल्बर्ट हॉल, जंतर मंतर, हवा महल, नाहरगढ़, विद्याधर का बाग, सिसोदिया रानी का बाग और ईसरलाट शामिल हैं.

इनका रखना होगा खास ध्यान

विभाग की इस अधिसूचना में लिखी शर्तों के मुताबिक इच्छुक पक्षों को सभी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा। शूट्स के दौरान यह भी सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी प्राचीन वस्तु क्षतिग्रस्त न हो। उन्हें यह भी सलाह दी जाएगी है कि वे ऐसे किसी तरह के कार्यों में लिप्त न हों या ऐसी फिल्मों की शूटिंग न करें जो जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाये.
 

Leave a Reply