जयपुर: मिनी लॉकडाउन में श्रमिकों को नहीं होगी आने-जाने में कोई दिक्कत, प्रशासन ने उठाया ये बड़ा कदम

जयपुर. राजस्थान में जारी मिनी लॉकडाउन (Mini lockdown) में उद्योग धंधें चालू हैं. इनमें काम करने वाले श्रमिकों को आने जाने में किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हो इसके लिये औद्योगिक इकाइयो से कहा गया है वे अपने-अपने श्रमिको को लिये पहचान-पत्र (Identity card) जारी करें. जयपुर जिला प्रशासन ने श्रमिकों के पहचान-पत्र बानने के लिये प्रशासनिक स्तर पर ई-मेल आईडी जारी की है. औद्योगिक इकाइयों को इस मेल आईडी पर अपने श्रमिकों के पहचान पत्र जारी कर अधिकृत व्यक्ति के हस्ताक्षर एवं विवरण के साथ जिला प्रशासन को भेजना होगा.जिला प्रशासन ने ई-मेल आईडी जारी कर सभी औद्योगिक इकाइयों को कहा है कि संबंधित इकाई अपने श्रमिकों के लिये अधिकृत व्यक्ति की ओर से पहचान पत्र जारी कराये ताकि उन्हें आवागमन में किसी तरह की असुविधा नहीं हो. कागजी कार्रवाई के लिये औद्योगिक इकाइयों के व्यक्तियों को कलक्ट्रेट आने की आवश्यकता नहीं है. मेल के जरिये ही इस काम को पूरा कर लिया जाये. औद्योगिक इकाइयां admcslaworder@gmail.com मेल आईडी पर अधिकृत व्यक्ति के हस्ताक्षर एवं विवरण भेज सकते हैं.

राजस्थान में चल रहा है 'जन अनुशासन पखवाड़ा'
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर को रोकने के लिए गत 18 अप्रैल को नई गाइडलाइन जारी की थी. सरकार ने 18 अप्रैल से आगामी दो सप्ताह के लिये प्रदेश में 'जन अनुशासन पखवाड़ा' चलाया है. इसके तहत राज्य में मिनी लॉकडाउन लगाया गया है. इस गाइडलाइन के बिंदु संख्या 26 के तहत समस्त उद्योग एवं निर्माण से संबंधित इकाइयों में कार्य को करने की अनुमति दी गई है.

श्रमिकों का पलायन रोकने के लिये किया गया है ऐसा
कोरोना संकट के समय श्रमिक वर्ग के पलायन को रोकने के लिये ऐसा किया गया है. इसके लिये कहा गया है कि औद्योगिक इकाइयां अपने श्रमिकों को पहचान पत्र जारी करे ताकि उन्हें आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो. अतिरिक्त जिला कलक्टर शंकरलाल सैनी (दक्षिण) ने बताया कि यह आवश्यक है कि संबंधित इकाई द्वारा अपनी श्रमिकों को अधिकृत व्यक्ति द्वारा पहचान पत्र जारी किया जाए. इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा मेल आईडी जारी की गई है.
 

Leave a Reply