जयपुर में 9 शवों का हुआ अंतिम संस्कार, सरकार ने बताए 3, रोके नहीं रुक रहीं मौतें

जयपुर. कोरोना की दूसरी लहर कितनी जानलेवा होती जा रही है इसकी बानगी आज जयपुर के आदर्श नगर शमशान घाट पर देखने को मिली. यहां पर  कोविड से जान गंवाने वाले 9 लोगों के शवो का अंतिम संस्कार किया गया. एक शव निजी अस्पताल के मुर्दाघर में परिजनों के पहुंचने के इन्तजार में रखा हुआ है, जबकि पिछले कई महीनों से महज एक या दो शवो का ही अंतिम संस्कार आदर्श नगर श्मशान घाट में किया जा रहा था.

हालांकि राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ो में शनिवार को कोरोना के चलते जयपुर में 3 लोगो की मौत ही बताई गई. दरअसल, पिछले साल 2020 से ही कोविड के चलते जान गंवाने वाले मरीज़ो के शव का अंतिम संस्कार जयपुर के आदर्श नगर श्मशान घाट पर किया जा रहा है. ये काम श्रीनाथ गौशाला चेरिटेबल ट्रस्ट की ओर से किया जाता है. ट्रस्ट के महासचिव आरके सारा बताते हैं कि शनिवार को अचानक बड़ी तादाद में शव अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे, जबकि, अभी तक एक या दो शव ही अंतिम संस्कार के लिए आ रहे थे. इस आंकड़े को देखकर अंदाज लगाया जा सकता हैं कि कोरोना कितना भयावह हो चुका है.

बिगड़ सकते हैं हालात

शनिवार को अचानक अंतिम संस्कार के लिए एक साथ पहुंचे 9 शवों का आंकड़ा अब डराने लगा है. क्योंकि, देश के कई दूसरे हिस्सों से भी इस तरह की तस्वीरें भले ही सामने आई हों, लेकिन, अभी तक राजस्थान इससे बचा हुआ दिख रहा था. बताया जा रहा है कि यहां हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं.

कोरोना ने किए भयावह हालात

कोरोना के चलते प्रदेश में हालात  भयावह होते दिख रहे हैं. सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में प्रदेश में 37 लोगों की मौत कोरोना से हुई है. इनमें 3 मृतक जयपुर जिले के बताए गए हैं. वहीं, राजस्थान में 9046 नए केस सामने आए हैं. इनमें जयपुर जिले के 1484 केस हैं.

Leave a Reply