जैविक अनाज के उत्पादन में राज्य आत्मनिर्भर बने : चामलिंग

गंगटोक। सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग ने राज्य के किसानों को सलाह दी है कि वे घरेलू मांगों को पूरा करने के लिये ज्यादा से ज्याद जैविक खेती कर जैविक अनाज का उगायें। सिक्किम में आयोजित जैविक दिवस सह कृषि उन्नति मेला में चामलिंग ने कहा, हमने पांच साल के अंदर सिक्किम को अनाज उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य रखा है और इसके लिये हमारे किसानों को कम से कम घरेलू मांग को पूरा करने के लिये जैविक अनाज का उत्पादन बढ़ाने की जरुरत है।
चामलिंग ने कहा कि जैविक अनाज के मामले में सिक्किम को आत्मनिर्भर बनाने के लिये लोगों को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी भूखंड खाली नहीं रहे। यहां तक कि खेती के उद्देश्य से घर की छतों और दीवारों पर भी खेती करने के लिए लंबवत उद्यान का भी विकल्प अपनायें। मुख्यमंत्री ने किसानों को यह भी कहा कि वे अपनी जमीनों का सत्यापन कृषि एवं बागवानी विभागों से जैविक खेती योग्य जमीन के तौर पर करायें। बता दें कि 2016 में सिक्किम को जैविक राज्य घोषित किया गया था और राज्य सरकार ने जैविक अभियान की कामयाबी सुनिश्चित करने के लिये पिछले साल प्रदेश में बाहर से किसी भी किस्म के गैर जैविक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगा दिया था।
