ज्येष्ठ में नौ बड़े मंगल का अद्भुत संयोग, अब 19 और 26 जून को होगी विशेष पूजा

ज्येष्ठ मास में पड़ रहे बड़े मंगल की अपनी विशेष महत्ता है। बड़ा मंगल पर्व इस बार इसलिए खास है, क्योंकि नौ बड़े मंगल पड़ रहे हैं। इसे अद्भुत संयोग माना जा रहा है।
ज्योतिषचार्य के अनुसार, यह संयोग दो ज्येष्ठ लेकर आया है। एक, आठ, 15, 22, 29 मई तथा पांच व 12 जून को बड़े मंगल पड़े। अब 19 और 26 जून को पड़ेंगे। इस संयोग में मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान होंगे। इससे हनुमान भक्तों पर कृपा बरसेगी।
इस दौरान हनुमान मंदिर में विशेष कार्यक्रम होंगे। शहर से लेकर गांवों तक लोग स्टाल लगाकर हनुमान मंदिरों में जगह-जगह भंडारा करते हैं। गुड़, गेहूं, मीठी पूड़ी का प्रसाद चढ़ाया जाता है। इस दिन दान का हनुमानजी विशेष फल देते हैं। भगवान शंकर और श्रीराम ने हनुमान को वरदान दिया कि ज्येष्ठ माह के सभी मंगलवार को उनकी विशेष पूजा होगी। इस माह हनुमान का दर्जा राम से भी बड़ा माना जाता है।
शास्त्रों में ज्येष्ठ मास के कृष्ण पक्ष का बहुत महत्व बताया है। पुरुषोत्तम मास का पवित्र महीना हर वर्ष नहीं आता बल्कि 3 साल बाद ये शुभ संयोग पड़ता है। इस बार तो यह महीना बहुत सारे शुभ संयोग एकसाथ लेकर आया है।
यह समय दान-पुण्य का श्रेष्ठ समय है। शास्त्रों का कथन है कि इस माह में किये जाने वाले सत कर्म एंव दान का कई गुना फल प्राप्त होता है।
