झांकी कलाकार राजतिलक वर्मा को दिया गया ‘‘मालव रत्न अलंकरण’’ सम्मान

इन्दौर । झांकी की परम्परा का कलाकार कहीं लुप्त न हो जाये। आज पुन: ऐसे कलाकारों की मेहनत का नतीजा है जो आज गणेश विसर्जन चल समारोह अपना शताब्दी वर्ष मना रहा है। गणेश विसर्जन चल समारोह के कलाकारों के द्वारा किये जा रहे सराहनीय कार्यों को कई शहरों के लोग देखने आते हैं। इन कलाकारों की मेहतन से ही समारोह की आन-बान और शान निरंतर बनी हुई है। 
यह बातें प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री सज्जनसिंह वर्मा ने नेताजी सुभाष मंच द्वारा आयोजित मालव रत्न अलंकरण सम्मान समारोह को सम्बोध‍ित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि मैं परम्परागत झांकियों के लिए हर संभव मदद करने को तैयार हूँ। इस मौके पर उन्होंने शासन स्तर पर सहयोग राशि प्रदान करने की घोषणा भी की। उन्होंने मंच के अध्यक्ष मनदपरमालिया एवं उनके सभी साथियों को बधाई दी कि मंच लगातार वर्षों से सामाजिक, सांस्कृतिक रचनात्मक कार्य कर हमारी लोकसंस्कृति को जीवित रखे हुए हैं। 
मंच के अध्यक्ष मदन परमालिया ने बताया कि प्रसिद्ध झांकी कलाकर व चलित झाकी के निर्माता श्री राजतिलक वर्मा को नेताजी सुभाष मंच द्वारा ‘‘मालव रत्न अलंकरण’’ सम्मान स्वरूप चांदी का रथ, चांदी का श्रीफल, अभिनंदन पत्र, शाल एवं पुष्पमाला व मिठाई से सम्मानित किया गया। इस भावनात्मक समारोह में श्री राजतिलक वर्मा के साथ उनका परिवार भी उपस्थित था। मंच द्वारा 2018 के निर्णायक मंडल के अनुसार झांकियों के कलाकारों, मिलों की कमेटी, अखाड़ों व कलाकारों को भी सम्मानित किया गया।
नेताजी सुभाष मंच, द्वारा विगत 17 वर्षो से लगातार चलित झांकियों के कलाकारों को ‘‘मालव रत्न अलंकरण’’ को यह सम्मान प्रदान किया जाता है। मंच द्वारा आयोजित मालव रत्न अलंकरण समारोह के मुख्य अतिथि म.प्र. लोक निर्माण मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, दादू महाराज, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोहर धवन, नरेन्द्र सलूजा, झांकी कलाकार प्रवीण हरगांवकर, समाजसेवी हुकम यादव, पार्षद अभय वर्मा, हाजी खुराशान पठान थे। प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत त्रिलोकसिंह सोलंकी, विशाल आमणापुरकर, अजीत कुमार जैन, देवीलाल गुर्जर कैलाश कुशवाह, कैलाशसिंह ठाकुर, हीरालाल वर्मा, चम्पालाल वर्मा, मीत कश्यप, रामरतन शर्मा, मुन्ना बौरासी, गणेश वर्मा ने किया। अभिनंदन पत्र का वाचन एवं कार्यक्रम का संचालन मंच अध्यक्ष मदन परमालिया ने किया। अंत में आभार मधु सुदन भलिका ने माना।  इस अवसर पर रतलाम के गायक आफताब आलम कुरैशी ने देश भक्ति से ओतप्रोत गीतों की गरमीमामय प्रस्तुति दी।

Leave a Reply