झीलें खाली पर हरियाली मेले को लेकर दुकानदारों में उत्साह

उदयपुर । फतहसागर किनारे और सहेलियों की बाड़ी क्षेत्र में हरियाली अमावस का मेला भरेगा। बारिश नहीं होने से फतहसागर झील खाली है। बावजूद मेले में स्टॉल लगाने के प्रति दुकानदारों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई है। दूसरे दिन करीब 240 स्टॉलों और झूला स्थल की नीलामी से निगम को 4.98 लाख की आय हुई। एक दिन पहले 150 स्टॉलों की नीलामी से निगम को 5.82 लाख की आय हुई थी। निगम को अब तक 10 लाख की आय हो चुकी है। जबकि अभी झूला व्यापारियों से 40 हजार की एक किश्त और मिलनी बाकी है। उसकेे अलावा मेले के दिन लगने वाली छुटकर दुकानोंं से भी आय होगी। ऐेसे में आय का आंकड़ा पिछले मेले की आय के आंकड़े के बराबर पहुंचने की उम्मीद है। हालांकि स्टॉल नीलामी में भाग लेने आए दुकानदारों के बीच बारिश नहीं होने और झीलें खाली होने को लेकर चिंता तो बनी रही कि बारिश नहीं होने से मेले में आने वाले लोगों की संख़्या कम रह सकती है। मेले के दिन हल्की बारिश भी हो जाए तो भी मेले की रंगत जम सकती है और उनको उम्मीद अनुरूप आमदनी भी हो जाएगी। लाइटिंग और मेला कार्यालय बनाने की तैयारी शुरू : नगर निगम ने फतहसागर की पाल पर लाइटिंग और अस्थायी मेला कार्यालय बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस बार भी मेले के दौरान फतहसागर की पाल पर बनी छतरियों पर बहुरंगीय रोशनी की जाएगी। स्वास्थ्य शाखा ने मेले से जुड़े क्षेत्रों में सफाई का काम तेज कर दिया है।
