टीवी से ज्यादा बिक रहे एसी

कोलकाता । देश के ज्यादातर लोग एक सीजन में या तो एयर कंडीशनर या फिर टेलीविजन खरीदते हैं। उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे एक ही सीजन में दोनों प्रोडक्ट्स खरीद सकें। इस समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब या इसके पार पहुंच गया है तो ज्यादातर लोग एसी खरीद रहे हैं। आईसीसी वल्र्ड कप जैसे बड़े आकर्षण के बावजूद टीवी खरीदने वालों की संख्या बहुत कम है। पहली बार टेलीविजन की बिक्री में वैसी बढ़ोतरी नहीं हुई, जैसी अमूमन क्रिकेट वल्र्ड कप के दौरान होती है। हालांकि, अप्रैल और मई की तपती गर्मी से एसी की बिक्री में अच्छी बढ़ोतरी हुई है। एसी की बिक्री में पिछले दो महीनों में 18-20 प्रतिशत की रेकॉर्ड वृद्धि हुई। यह ट्रेंड जून के पहले हफ्ते में जारी रहा। 2017 और 2018 में एसी का कारोबार काफी सुस्त था और बिक्री घटी थी। क्रिकेट वल्र्ड कप 30 मई को शुरू हुआ था और 14 जुलाई तक चलेगा। टूर्नामेंट में भारतीय टीम अच्छा प्रदर्शन भी कर रही है। इसके बावजूद टीवी की बिक्री सिर्फ 5-8 प्रतिशत बढ़ी है। देश के पांच सबसे बड़े कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स रिटेलर्स का कहना है कि वल्र्ड कप के दौरान आमतौर पर टीवी की बिक्री में 80-90 प्रतिशत की बढ़ोतरी होती थी। एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि भारत में वर्ल्ड कप देखने वाले दर्शकों की संख्या बढ़ी है। टीवी की बिक्री उम्मीद के मुताबिक नहीं रहने से रिटेलर्स के पास इसका काफी स्टॉक जमा हो गया है।
