टैक्सी ड्राइवर से मारपीट, आरोपियों ने ‘जय श्रीराम’ बोलने के लिए कहा

ठाणे। मुंबई से सटे ठाणे के मुंब्रा पुलिस थाने में ओला कार चालक से जय श्रीराम बोलने के लिए दबाव डालने और मारपीट का मामला दर्ज हुआ है. मुंब्रा पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिन्हें कोर्ट ने २९ जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है. घटना 23 जून की सुबह 3 बजे की है. मुंब्रा का रहने वाला फैसल सलमान खान (२५) ओला कंपनी की कार चलाता है. दिवा आगासन रोड पर पीड़ित युवक की टैक्सी खराब हो गई थी. इस दौरान बाइक पर आए आरोपियों ने बीच रास्ते में गाड़ी खड़ी करने पर गुस्सा जाहिर किया और मारपीट शुरू कर दी. ड्राइवर फैसल के मुताबिक जब उसने अल्ला के वास्ते मुझे मत मारो, मुझे छोड़ दो बोला तो युवक बोले अच्छा तू मुसलमान है, चल जय श्रीराम बोल, यह कहते हुए उसे धमकाया. पीड़ित के मुताबिक़ आरोपी युवक उसका मोबाइल फोन भी ले गए. फैसल ने पुलिस थाना में घटना की शिकायत दर्ज करवाते हुए उन आरोपियों के मोटरसाइकिल नंबर दिए. जिसके बाद पुलिस ने उन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. उनके नाम मंगेश मुंढे (३०), अनिल सूर्यवंशी (२२) और जयदीप मुंढे (२६) है और ये सभी दिवा परिसर में रहते हैं. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक मधुकर कड के मुताबिक उन तीनों ने शराब के नशे में यह कृत्य किया.

Leave a Reply