टैक्स वसूली के बजाय अब सर्वे करेगा राजस्व विभाग, डोर-टू-डोर लेंगे ये जानकारी

इंदौर.  इंदौर (Indore) में नगर निगम (Nagar Nigam) के पैसा 'वसूलने' वाले अब लोगों की तबीयत पूछने जाएंगे. राजस्व विभाग (Revenue Department) के कर्मचारियों की कोरोना के सर्वे में ड्यूटी लगा दी गई है. नगर निगम के संपत्तिकर, जलकर, स्वच्छता कर,कचरा शुल्क वसूलने वाले अब घर- घर जाकर बीमारियों का सर्वे करेंगे इसके लिए कलेक्टर मनीष सिंह और नगर निगम कमिश्नर आशीष सिंह ने उन्हें विशेष ट्रेनिंग दी है.

इंदौर में कोरोना के संक्रमण के सर्वे में अब नगर निगम के कर्मचारियों को लगा दिया गया है. इससे पहले अभी तक आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं को इस काम में लगाया गया था. लेकिन नगर निगम के राजस्व विभाग के कर्मचारी अब इस काम को करेंगे. निगम के संपत्तिकर, जलकर, स्वच्छता कर, कचरा शुल्क वसूलने वाले कर्मचारियों की ड्यूटी घर-घर जाकर बीमारियों के पूछताछ में लगाई गई है.

लॉकडाउन के चलते फ्री है कर्मचारी

जब से इंदौर में कोरोना का संक्रमण फैला है तब से शहर लॉकडाउन है. ऐसे में नगर निगम के राजस्व विभाग के कर्मचारी भी फ्री हैं क्योंकि ऐसे समय में नगर निगम करों की वसूली का काम भी नहीं कर सकता है. इसलिए इन कर्मचारियों को शहर के हित में उपयोग करने का फैसला लिया गया है. इंदौर के कलेक्टर मनीष सिंह तीन साल तक नगर निगम के कमिश्नर के पद पर काबिज रहे हैं, इसलिए उन्हें मालूम है कि राजस्व विभाग में कितने कर्मचारियों की फौज काम कर रही है. इन कर्मचारियों का किसी भी कार्य में किस तरह से उपयोग किया जा सकता है. इस तत्व को ध्यान में रखते हुए इन सभी कर्मचारियों को जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग के घर-घर जाकर बीमारियों की स्थिति के बारे में सर्वे कराने का जो अभियान शुरू किया है उस अभियान का हिस्सा बनाया जा रहा है.
कर्मचारियों को दी गई विशेष ट्रेनिंग

इन सभी कर्मचारियों को नेहरू स्टेडियम में बुलवाया गया. कलेक्टर के साथ ही नगर निगम के कमिश्नर ने इन्हें विशेष ट्रेनिंग दी जिसमें इन्हें सर्वे के दौरान खास एहितयात बरतने के निर्देश दिए गए  हैं. खुद को कैसे सुरक्षित रखना है उस बारे में बताया गया है. सुरक्षित रहकर सर्वे के इस काम को अंजाम देने की हिदायत इन कर्मचारियों की दी गई क्योंकि अब जिला प्रशासन का पूरा जोर घर-घर जाकर सर्वे करने के काम पर है. प्रशासन के अधिकारियों का मानना है कि जितना ज्यादा और बेहतर तरीके से सर्वे का कार्य होगा उतना ही ज्यादा और बेहतर तरीके से इंदौर को वर्तमान संक्रमण के दौर से उबारा जा सकेगा.

इंदौर में 14 लाख परिवारों के सर्वे का महाअभियान

इंदौर में सोमवार से शहर के 14 लाख परिवारों के सर्वे का महाअभियान शुरू किया गया है. इस अभियान को अमल में लाने के लिए प्रशासन ने 14 सौ टीमें मैदान में उतार दी है. इन टीमों के माध्यम से हर घर में जाकर जानकारी जुटाई जा रही है कि कौन व्यक्ति ऐसे हैं जिनमें कोरोना की बीमारी के लक्षण है जिन व्यक्तियों को सर्दी, खांसी, बुखार जैसी शिकायत लगातार बनी हुई है ऐसे सभी व्यक्ति सामने आ जाए ताकि उनका व्यवस्थित तरीके से इलाज शुरू किया जा सके.
 

Leave a Reply