टोंक रोड पर स्थापित हो रहा कोविड केयर सेंटर

जयपुर । मुख्यमंत्री के निर्देशों पर जयपुर में कोविड-19 से प्रभावितों के लिए कोविड केयर सेंटर्स तैयार कर संचालित करने एवं व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जयपुर विकास आयुक्त गौरव गोयल एवं जेडीए सचिव हृदयेश शर्मा को सौंपी गई है। नगरीय विकास मंत्री ने जयपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वें मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना करते हुए जेडीए को दी गई जिम्मेंदारी का निर्वहन कर्तव्यनिष्ठा एवं वचनबद्धता के साथ करें।जेडीए, जिला प्रशासन, नगर निगम ग्रेटर, चिकित्सा एवं स्वाथ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं राधास्वामी सत्संग व्यास संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से जयपुर में राधास्वामी सत्संग व्यास संस्थान शेड, बीलवा टोंक रोड में 5 हजार कोविड मरीजों के लिए कोविड केयर सेंटर स्थापित किया जा रहा है।
जयपुर विकास आयुक्त गौरव गोयल ने जेडीए अधिकारियों को निर्देश कि मुख्यमंत्री एवं माननीय नगरीय विकास मंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों की पालना करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए कार्य को सुचारू रूप संपन्न करने के निर्देश दिए। जेडीए ने कोविड केयर सेंटर्स की स्थापना एवं संचालन करने का दायित्व बखूबी रूप से संभाल लिया है। जेडीए द्वारा इस कार्य की सफल मॉनिटरिंग के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियुक्त किया गया है। जिसमें निदेशक अभियांत्रिकी-द्वितीय वी एस सुण्डा, निदेशक वित्त वृद्धि चंद बुनकर, अतिरिक्त आयुक्त स्टोर गिरीश पाराशर को बेड्स, अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध करवाने आदि की जिम्मेदारी दी गई है। उपायुक्त प्रशासन, उपायुक्त जोन-6, 14, 19, जनसंपर्क अधिकारी को भी विभिन्न व्यवस्थाओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियॅा सौंपी गई है।
