ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार महिला आरक्षक गंभीर
बिलासपुर । तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए स्कूटी सवार महिला आरक्षक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में महिला आरक्षक बुरी तरह घायल हो गई। घटना के बाद उसलापुर ओव्हर ब्रिज के पास जाम की स्थिति निर्मित हो गई थी। दोनों तरफ से वाहनों की लम्बी कतारें लग गई थी। घटना की जानकारी एक व्यक्ति ने डायल 112 को दी। पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची। घायल महिला आरक्षक को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया जहां महिला आरक्षक की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जाता है कि आरक्षक दोपहर 12 बजे उसलापुर अपने घर से ड्यूटी के लिए पुलिस अधीक्षक कार्यालय के लिए निकली थी। जहां ओव्हर ब्रिज के पास हादसा हो गया। ट्रक मेें गैस सिलेंडर भरा हुआ था। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सकरी के समीप स्थित व्हाइट हाउस में रहने वाली तलरिसा मिंज जो पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ है। रोज की तरह आज भी महिला आरक्षक अपनी स्कूटी से घर से एसपी कार्यालय जाने के लिए निकली थी। स्कूटी सवार महिला जैसे ही उस्लापुर ओव्हर ब्रिज के ऊपर चढ़ी उसी वक्त तेज रफ्तार से आ रहे ट्रक चालक ने महिला आरक्षक को अपनी चपेट में लिया। हादसे के बाद राह चलने वाले हडक़ंप मच गया। महिला आरक्षक ट्रक के नीचे फंस गई थी। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। डायल 112 के जवान और यातायात पुलिस घटनास्थल पहुंच गई और घायल आरक्षक को उपचार के लिए सिम्स में भर्ती कराया। ओव्हर ब्रिज में घटना के बाद बिलासपुर सकरी मार्ग में दोनों तरफ अघोषित जाम हो गया था। जवान ब्रिज में फंसे ट्रक को किनारे लगवाने के बाद यातायात को बहाल कराने में जुट गए। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई में लगी हुई है।
ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल
शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। जिसके चलते सडक़ हादसे हो रहे हैं। रोज मुख्य मार्ग में अघोषित जाम लग रहा है। लोक परेशान हो रहे हैं। बदहाल यातायात व्यवस्था के चलते आज स्कूटी सवार महिला आरक्षक सडक़ हादसे का शिकार हो गई। इसी तरह महाराणा प्रताप चौक से लेकर तिफरा तक रोज जाम लगने से आम नागरिक परेशान हो रहे हैं। तिफरा ओव्हर ब्रिज से भारी वाहन धड़ल्ले से निकल रहे हैं। जबकि भारी वाहनों की आवाजाही के लिए बायपास रोड का निर्माण कराया गया है लेकिन ट्रक चालक उस मार्ग का उपयोग नहीं करते। यातायात पुलिस भी भारी वाहनों पर कार्रवाई नहीं कर रही है। इसी तरह उस्लापुर ओव्हर ब्रिज के ऊपर से भारी वाहनों की आवाजाही धड़ल्ले से जारी है। यहां पर यातायात का एक भी जवान ड्यूटी पर दिखाई नहीं देता। लेकिन पुलिस सिर्फ मंगला चौक में ही दिखाई देती है। वर्तमान में शहर की यातायात व्यवस्था बदहाल चुकी है, जिसके चलते सडक़ हादसे बढ़ रहे हैं।