ट्रक चालक ने लालचवष रचा लूट का झूठा नाटक 

अलीगढ़ । थाना अकराबाद क्षेत्र में पनैठी के पास झारखंड से लोहे की सरियों से भरा दस टायरा ट्रक लेकर गाजियाबाद जा रहे चालक ने लालच में आकर ट्रक को माल समेत खुद ही गायब कर दिया था। चालक ने लूट की कहानी रचते हुए सवारी बनकर ट्रक में बैठे बदमाशों के नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर देने व ट्रक को लूटकर ले जाने व खुद को लोधा क्षेत्र में फेंक जाने का आरोप लगाया था। 
एसपी देहात शुभम पटेल ने बताया कि मैनपुरी के थाना कुरावली क्षेत्र के कमालपुर नानामू निवासी ज्ञान सिंह खुद का ही दस टायरा ट्रक चलाता था। ज्ञान सिंह के अनुसार वह 18 नवंबर को झारखंड से ट्रक में करीब 40 टन लोहे की सरिया लेकर गाजियाबाद जा रहे थे। रास्ते में उन्हें तीन सवारियां मिल गईं। जैसे ही ट्रक अकराबाद क्षेत्र के पनैठी के पास पहुंचा तभी ट्रक में सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने ज्ञान सिंह को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर देने व सरियों से भरे ट्रक को लूटकर हाईवे पर लोधा क्षेत्र के गांव जतनपुर चिकावटी के पास फेंक जाने का आरोप लगाया था ।  
एसपी देहात ने बताया कि पूछताछ व सर्विलांस की मदद से मोबाइल फोन की कॉल डिटेल से सच्चाई पता चल गई। चालक ने लालच में आकर खुद ही ट्रक को माल समेत गायब कर दिया और माल को पचाने के लिए लूट का झूठा नाटक रचा था। उन्होंने बताया कि आरोपित चालक की निशानदेही पर ट्रक को माल समेत किशनी, मैनपुरी से बरामद कर लिया गया है। आरोपित को झूठी सूचना देने पर जेल भेज दिया गया है। 

Leave a Reply