ट्रेन में युवती से किया सामूहिक दुष्कर्म, दो दिन बाद हॉस्टल में जान देने की कोशिश की

रांची.दिल्ली से रांची आ रही 19 साल की युवती से झारखंड स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस में दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के दो दिन बाद आठ फरवरी को युवती ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की। उसका गुरुनानक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पंजाब के फाजिल्का निवासी युवती रांची में निजी संस्थान में पढ़ती है। शुक्रवार को जीआरपी थाने में इस संबंध में केस दर्ज किया गया है।रेल एसपी संगीता कुमारी शुक्रवार को अस्पताल पहुंची। युवती से मामले की पूरी जानकारी ली। उन्होंने बताया कि मामला गंभीर है। जांच के लिए स्पेशल टास्क फोर्स का गठन किया गया है। सीआईडी भी मामले की जांच कर रही है।
युवती ने पुलिस से कहा: कोच में न पुलिस थी, न ही टीटीई
युवती ने चुटिया पुलिस को बताया कि छह फरवरी को वह आनंद विहार से रांची आ रही थी। उसे एस-3 बोगी में 17 नंबर बर्थ मिली थी। मूरी स्टेशन से चलने के बाद रात करीब 12 बजे दो युवक आए। मुंह पर गमछा रखकर दोनों ने दुष्कर्म किया। रांची से पहले किसी स्टेशन पर दोनों ट्रेन से उतरकर भाग निकले। उसने कहा कि कोच में काफी कम यात्री थे। बर्थ के पास अंधेरा था। कोच में न तो पुलिस थी और न ही टीटीई। रांची स्टेशन पर हॉस्टल के वार्डन ने उसे रिसीव किया। पर शर्म से उसने किसी को कुछ नहीं बताया। इस बयान को चुटिया पुलिस ने जीआरपी थाने को भेज दिया।
