ठग दुल्हन : तीन पतियों से तलाक लेकर 14 लाख रुपये ठगे
जींद एक महिला ने एक के बाद एक पांच शादियां कीं। वह शादी करने के कुछ दिन बाद तलाक ले लेती थी और लाखों रुपये ऐंठ लेती थी। उसने तीन शादियों के बाद तलाक लेकर 14 लाख की नकदी के साथ-साथ लाखों रुपये के जेवरात हड़प लिए। चौथा पति उसे पसंद आ गया, लेकिन वह भी उसके खेल में शामिल हो गया। महिला ने पांचवीं शादी कर ली और उसे भी ठग लिया। मामला पुलिस पहुंच गया और महिला का भांडा फूट गया।
महिला ने नवंबर 2010 में पांचवीं शादी अंबाला छावनी के वशिष्ठ नगर निवासी पूर्ण चंद सैनी से रचाई। शादी के बाद ओमप्रकाश नामक व्यक्ति आए दिन सैनी के घर में महिला से मिलने आता रहता था। सैनी को महिला ने बता रखा था कि ओमप्रकाश उसका रिश्ते का भाई है। लेकिन वास्तव में ओमप्रकाश महिला का चौथा पति था और पूरे गोरखधंधे में उसका साथ दे रहा था।
बाद में महिला ने अपनी बेटी के साथ मिलकर घर में झगड़ा शुरू कर दिया। महिला ने तीन लाख रुपये और उसकी पहली पत्नी के सोने के गहने भी चुरा लिए। इसके बाद उलटे 10 लाख की डिमांड करते हुए धमकी दी कि यदि उसने पैसे नहीं दिए तो उसके बेटे को दुष्कर्म के केस में फंसा देगी। पूर्ण चंद सैनी ने बताया कि महिला ने करनाल निवासी राधेश्याम से सन् 2006 में तलाक लिया था। उसने राधेश्याम से पांच लाख नकद, जेवर व एक मकान ऐंठ लिया।
इसके बाद उसने सन् 2007 में दिल्ली के उत्तम नगर क्षेत्र के हस्तसाल गांव निवासी नवीन कुमार भाटिया उर्फ दविंद्र के साथ दूसरी शादी की। महिला ने पांच महीने साथ रहकर उससे भी तलाक ले लिया और पांच लाख नकद हासिल कर लिया।
सैनी के अनुसार, महिला ने गांव मनचुरी निवासी साहब सिंह के साथ तीसरी शादी की और बाद में उससे भी तलाक ले लिया। उसने साहब सिंह से चार लाख रुपये ऐंठे। इसके बाद 2009 में उसने चौथी शादी करनाल के सेक्टर-8 निवासी ओमप्रकाश से की।